Move to Jagran APP

कोरोना राउंडअप : दिल्ली में फिर बढ़े नए मामले, महाराष्ट्र में सबसे अधिक मौतें, केरल में नहीं सुधर रहे हालात

भारत डेढ़ महीने बाद पहली बार सक्रिय मरीजों की संख्या को आठ लाख से नीचे लाने में कामयाब रहा है। प्रतिदिन नए मामलों से ज्यादा संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं लेकिन राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में बढ़ते नए मामलों ने चिंता बढ़ा दी है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sun, 18 Oct 2020 12:06 AM (IST)Updated: Sun, 18 Oct 2020 12:06 AM (IST)
कोरोना राउंडअप : दिल्ली में फिर बढ़े नए मामले, महाराष्ट्र में सबसे अधिक मौतें, केरल में नहीं सुधर रहे हालात
राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते नए मामलों ने चिंता बढ़ा दी है।

नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना के खिलाफ जंग में भारत को एक और सफलता मिली है। लगातार मरीजों की निगरानी, जांच में वृद्धि, संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के बल पर भारत डेढ़ महीने बाद पहली बार सक्रिय मरीजों की संख्या को आठ लाख से नीचे लाने में कामयाब रहा है। प्रतिदिन नए मामलों से ज्यादा संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं लेकिन राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में बढ़ते नए मामलों ने चिंता बढ़ा दी है।

loksabha election banner

7.87 लाख रह गए सक्रिय मामले

समाचार एजेंसी पीटीआइ की तरफ से शनिवार रात 10 बजे जारी टैली के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान 58,191 नए केस मिले हैं, 67,092 मरीज ठीक हुए हैं और 1,057 लोगों की मौत हुई है। करीब दो हफ्ते बाद अचानक मरने वालों की संख्या एक हजार से अधिक हुई है। इसके साथ ही कुल संक्रमित 74.85 लाख हो गए हैं और अब तक 65.83 लाख मरीज ठीक हुए हैं और 1,13,983 लोगों की मौत भी हो चुकी है। सक्रिय मामले 7.87 लाख रह गए हैं।

87.78 फीसद हुई रिकवरी रेट

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 87.78 फीसद हो गई है। मृत्युदर 1.52 प्रतिशत पर आ गई है। सरकार की ओर से जारी सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक, कुल संक्रमितों की संख्या 74.32 लाख, कोरोना को मात दे चुके मरीजों का आंकड़ा 65.24 लाख और महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या 1.12 लाख हो गई है।

शुक्रवार को करीब 10 लाख टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए शुक्रवार को 9.99 लाख नमूनों का परीक्षण किया गया। इनको मिलाकर 16 अक्टूबर तक कुल 9.32 करोड़ सैंपल्स टेस्ट किए जा चुके हैं।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक मौतें

कोरोना महामारी से भारत में सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं। इनकी संख्या 41,965 है। इसके बाद तमिलनाडु में 10,586, कर्नाटक में 10,427, उत्तर प्रदेश में 6,629, आंध्र प्रदेश में 6,406, दिल्ली में 5,981, बंगाल में 5,992, पंजाब में 3,9990 और गुजरात में 3,629 लोगों की अब तक इस महामारी से जान जा चुकी है।

दिल्ली में फिर बढ़े नए मामले

देश की राजधानी दिल्ली में फिर तीन हजार से अधिक नए केस मिले हैं। 3,259 नए मामलों के साथ कुल मरीजों की संख्या 3.27 लाख हो गई है। लेकिन महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या कम हुई है। राज्य में 10,259 नए मामलों के साथ कुल संक्रमित 15.86 लाख हो गए हैं। राज्य में 250 लोगों की मौत भी हुई है।

केरल में नहीं सुधर रहे हालात

केरल में संक्रमण का प्रसार नहीं रुक रहा है। राज्य के अधिकारियों की मदद के लिए केंद्र ने एक टीम भी भेजी है। राज्य में नौ हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 3.32 लाख हो गया है। 26 लोगों की मौत भी हुई है। हालांकि, दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में स्थिति कुछ ठीक है। आंध्र प्रदेश में अब तक 7.76 लाख और तेलंगाना में 2.20 लाख संक्रमित अब तक मिल चुके हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.