देश में 4 लाख के करीब मरीज हुए स्वस्थ, जानिए महाराष्ट्र और दिल्ली समेत प्रमुख राज्यों का हाल
महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 7074 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा दो लाख को पार कर गया है। राज्य में 8671 लोगों की जान भी गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए जांच का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। अब तक 95.40 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान 2.42 लाख से ज्यादा सैंपल की जांच की गई है। हालांकि, इस दौरान सबसे ज्यादा करीब 23 हजार नए मामले भी मिले हैं और 442 लोगों की जान गई है। अच्छी बात ये है कि इस दौरान 14,335 लोग स्वस्थ भी हुए हैं और अब तक ठीक हो चुके लोगों का आंकड़ा भी चार लाख के करीब पहुंच गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शनिवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे के दौरान 2,42,383 लोगों की कोरोना जांच हुई है। इनको मिलाकर अब तक 95,40,132 लोगों की जांच की जा चुकी है। कोरोना जांच करने वाली लैब की संख्या 1,087 हो गई है, जिसमें 780 सरकारी औ 307 प्राइवेट लैब शामिल हैं।
आंकड़ों के मुताबिक मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 60.81 फीसद हो गई है। अब तक 3,94,226 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। सक्रिय मामले 2,35,433 रह गए हैं। इस तरह स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या सक्रिय मामलों से 1,58,793 ज्यादा है। हालांकि, पिछले चौबीस घंटे के दौरान 22,771 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 6,48,315 पर पहुंच गया है। अब तक 18,655 लोगों की जान भी जा चुकी है।
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ और अन्य स्रोतों से रात 10 बजे तक मिली सूचनाओं के मुताबिक शनिवार को रिकॉर्ड 26,301 नए मामले मिले हैं। शनिवार को 615 लोगों की जान गई, जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 295, दिल्ली में 81, तमिलनाडु में 65, कर्नाटक में 42, उत्तर प्रदेश में 24, गुजरात में 21, बंगाल में 19, आंध्र प्रदेश में 12, राजस्थान में सात, बिहार में छह, तेलंगाना में पांच और पुडुचेरी व हिमाचल में एक-एक मौत शामिल है।
महाराष्ट्र में दो लाख से ज्यादा संक्रमित
महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 7,074 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा दो लाख को पार कर गया है। राज्य में 8,671 लोगों की जान भी गई है। हालांकि, अभी तक 1.08 लाख से ज्यादा मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिल चुकी है। सक्रिय मामले सिर्फ 83,311 ही रह गए हैं। पुणे के मेयर मुरलीधर मोहोल भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होने खुद इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है और जल्द ही स्वस्थ होने की उम्मीद जताई। पश्चिमी महाराष्ट्र में स्थित बाजाज ऑटो के प्लांट में 250 से ज्यादा कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं, जिसके बाद वहां के कर्मचारी संघ ने कुछ दिनों के लिए प्लांट की एक इकाई को बंद करने की मांग की है।
गुजरात में रिकॉर्ड 712 नए केस
गुजरात में शनिवार को रिकॉर्ड 712 नए मामले सामने आए और 21 लोगों की जान चली गई। राज्य में अब तक 35,398 संक्रमित मिल चुके हैं और 1,927 लोगों की जान जा चुकी है। लेकिन सक्रिय मामले सिर्फ 8,057 ही हैं। अब तक 25,414 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। शनिवार को भी 473 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली।
दक्षिण भारत में कोरोना का कहर जारी
दक्षिण भारत के राज्यों में कोरोना का कहर जारी है। रोजाना हजारों मामले सामने आ रहे हैं। तमिलनाडु में 4,280 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 1.07 लाख को पार कर गया है। राज्य में अब तक 1,450 लोगों की मौत भी हो चुकी है। अब तक 13 लाख से ज्यादा लोगों की जांच की गई है। आंध्र प्रदेश में 765 नए मामलों के साथ मरीजों की संख्या 17,699 पर पहुंच गई है। मृतकों का आंकड़ा 218 है। केरल में 240 नए केस मिले हैं। राज्य में एक दिन में नए मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है। अब तक यहां 5,204 मामले सामने आ चुके हैं। तेलंगाना में भी 1,850 नए केस मिले हैं और कुल मामले 22,312 हो गई है। कर्नाटक में भी रिकॉर्ड 1,839 नए मामले सामने आए हैं और मरीजों का आंकड़ा 21,549 पर पहुंच गया है। राज्य में अब तक 335 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।
अभी डरा रही है दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की स्थिति में भी सुधार नजर नहीं आ रहा। रोजाना दो हजार से ज्यादा मामले मिलने का सिलसिला जारी है। शनिवार को भी 2,505 नए केस मिले और संक्रमितों की संख्या 97,200 हो गई। मृतकों का आंकड़ा भी तीन हजार को पार कर 3,004 पर पहुंच गया है। राजस्थान में 204 नए केस सामने आए हैं। राज्य में अब तक कोरोना के 19,256 मरीज मिल चुके हैं। बीएसएफ और आइटीबीपी के और 79 जवान संक्रमित पाए गए हैं।
उत्तर प्रदेश में 26 हजार से ज्यादा संक्रमित
उत्तर प्रदेश में भी कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। 757 नए मरीजों के साथ अब तक मिले मरीजों की संख्या 26,554 हो गई है। राज्य में इस महामारी से 773 लोगों की जान भी जा चुकी है। बिहार में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। 197 नए मामलों के साथ अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या 11,111 हो गई है। बंगाल में 743 नए मामलों के साथ कुल संक्रमित 21,231 सामने आ चुके हैं। पूर्वोत्तर के राज्य अरुणाचल प्रदेश में भी 20 नए केस मिले हैं और राज्य में संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 252 हो गई है। मेघालय में भी सात केस पाए गए हैं। यहां अब तक 69 मामले मिल चुके हैं। हालांकि, पूर्वोत्तर के राज्यों में असम को छोड़कर दूसरे राज्यों में स्थिति कुल मिलाकर स्थिति में है। देश के कुछ अन्य राज्यों की तरह यहां तेजी से मामले नहीं बढ़ रहे हैं।
असम का राजभवन कंटेनमेंट जोन घोषित
असम के राज्यपाल के दफ्तर में काम करने वाले दो कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद राजभवन को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। दो सुरक्षाकर्मियों के संक्रमित पाए जाने के बाद एक जुलाई को राज्यपाल जगदीश मुखी, उनके परिवार के सदस्यों और कर्मचारियों समेत 176 लोगों की जांच कराई गई थी। इनमें से दो कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं।
पुडुचेरी में मेडिकल कॉलेज पर असहयोग का आरोप
पुडुचेरी के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि यहां कुछ निजी मेडिकल कॉलेज अपने परिसर में कोविड केयर सेंटर स्थापित करने में सहयोग नहीं कर रहे हैं। राज्य के स्वास्थ्य निदेशक ने इस संबंध में मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के साथ ही उप राज्यपाल किरन बेदी को भी पत्र लिखा है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और मुख्य सचिव को भी इस बारे में जानकारी दे दी है।