आज दिल्ली में पहुंचेगी हरियाणा से शुरू हुई भाई घनहैया जी संदेश यात्रा
जानकारी के मुताबिक, भाई घनहैया जी सेवा भाव के प्रतीक थे। वह युद्धस्थल पर दुश्मनों को भी पानी पिलाते और उनकी मरहमपट्टी करते थे।
नई दिल्ली (जेएनएन)। गुरु तेगबहादुर साहिब व गुरु गोविंद सिंह के दरबार के प्रमुख सेवादार भाई घनहैया जी को समर्पित संदेश यात्रा मंगलवार को दिल्ली पहुंचेगी। यह यात्रा एक सितंबर को हरियाणा के यमुनानगर जिले से शुरू हुई थी, जो उत्तर प्रदेश से होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। बताया जा रहा है कि दिल्ली में अगले चार दिनों तक संदेश यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, भाई घनहैया जी सेवा भाव के प्रतीक थे। वह युद्धस्थल पर दुश्मनों को भी पानी पिलाते और उनकी मरहमपट्टी करते थे। एक सितंबर को उनकी 300वीं बरसी के अवसर पर यमुनानगर से भाई घनहैया जी संदेश यात्रा शुरू हुई है। संदेश यात्रा मंगलवार सुबह दस बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वहां से यात्रा श्रीगुरु सिंह सभा विवेक विहार, झिलमिल, कड़कड़डूमा, कृष्णा नगर, झील गुरुद्वारा, डेरा बाबा करम सिंह, लक्ष्मीनगर, शकरपुर, गुरुद्वारा बाला साहिब, सरिता विहार होते हुए फरीदाबाद जाएगी।
पांच सितंबर को यात्रा तुगलकाबाद के रास्ते फिर से दिल्ली में प्रवेश करेगी। कालकाजी, नेहरू प्लेस, अमर कालोनी, कैलाश कॉलोनी, ग्रीन पार्क, आरके पुरम, संगम विहार, मोती बाग, धौलाकुआं, नारायणा, हरि नगर, प्रताप नगर, जेल रोड, शिव नगर होते हुए गुरुद्वारा छोटे साहिबजादे फतेह नगर पहुंचेगी।
छह सितंबर को पश्चिमी दिल्ली के विभिन्न हिस्से में यात्रा जाएगी। वहीं, सात सितंबर को नानक प्याऊ साहिब, छत्रसाल स्टेडियम, मॉडल टाउन, आजादपुर मंडी, जहांगीरपुरी, मुकरबा चौक से होते हुए सिंघु बार्डर के रास्ते हरियाणा में प्रवेश करेगी।