प्रख्यात आलोचक नामवर सिंह को ब्रेन हेमरेज, अस्पताल में भर्ती
प्रख्यात साहित्यकार व आलोचक नामवर सिंह (92) ब्रेन हेमरेज के कारण मंगलवार को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराए गए हैं।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रख्यात साहित्यकार व आलोचक नामवर सिंह (92) ब्रेन हेमरेज के कारण मंगलवार को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराए गए हैं। सोमवार रात बेड से गिरने के कारण उनके मस्तिष्क में चोट लगी थी। इससे उनके मस्तिष्क में खून का थोड़ा थक्का जम गया है। हालांकि, उनके स्वास्थ्य में सुधार है और हालत स्थिर बनी हुई है।
वह दक्षिणी दिल्ली में अलकनंदा अपार्टमेंट में रहते हैं। परिवार के अनुसार रात में खाना खाने के बाद वह सो रहे थे। रात करीब दो बजे वह बेड से गिर पड़े। उन्हें तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां सिटी स्कैन में पता चला कि मस्तिष्क में खून का थक्का जम गया है। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। ट्रॉमा सेंटर में भी डॉक्टरों ने उनकी कई जांचें की। परिवार के सदस्यों के अनुसार वह हल्की बातचीत भी कर रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। उनको ब्रेन हेमरेज की खबर से साहित्य जगत आहत है।