विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर मध्य रेलवे की अनूठी पहल: कार्यप्रणाली को सुलभ और कागज-मुक्त बनाने के लिए 'सेवा' पोर्टल लॉन्च, रेल कर्मियों को मिलेगी बड़ी राहत

Published: Tue, 13 Oct 2026 05:50 PM (IST)

उत्तर मध्य रेलवे ने कार्यालयी कार्यप्रणाली को सुगम बनाने और डिजिटल स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए 'सेवा' नामक वेब-आधारित ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. 'सेवा' पोर्टल कर्मचारी कल्याण कोष के लिए लॉन्च किया गया।

  2. दावों की प्रक्रिया अब पूरी तरह से ऑनलाइन और पारदर्शी होगी।

  3. कागजी कार्यवाही समाप्त कर डिजिटल स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा।

प्रयागराज। भारत सरकार द्वारा संचालित 'लंबित मामलों के निपटान के विशेष अभियान' के अंतर्गत उत्तर मध्य रेलवे (NCR) ने कार्यालयी कार्यप्रणाली को सुगम (Ease of Working) बनाने और डिजिटल स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में एक क्रांतिकारी शुरुआत की है। इसी कड़ी में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति में कर्मचारी कल्याण कोष के लिए विशेष रूप से विकसित वेब-आधारित पोर्टल 'सेवा' (कर्मचारी कल्याण आवेदन स्वीकृति पोर्टल) का औपचारिक उद्घाटन किया।
 
विशेष अभियान के तहत कार्यालयों को कागजी फाइलों के भारी-भरकम बोझ से मुक्त करने और स्वच्छता अपनाने का जो राष्ट्रीय लक्ष्य तय किया गया है, 'सेवा' पोर्टल उसे सीधे धरातल पर उतारता है। इस पोर्टल के सक्रिय होने से कल्याणकारी योजनाओं के दावे—आवेदन प्रक्रिया से लेकर अंतिम स्वीकृति तक—पूरी तरह से ऑनलाइन संसाधित होंगे, जिससे फाइलों की भौतिक आवाजाही (Physical Movement) पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। 

'सेवा' पोर्टल की मुख्य विशेषताएं और कार्यप्रणाली

सरल लॉग-इन व ट्रैकिंग: रेल कर्मचारी अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और एकमुश्त पासवर्ड (OTP) के माध्यम से आसानी से पोर्टल पर लॉग-इन कर सकते हैं। वे एक ही बार में सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर अपने आवेदन की वास्तविक स्थिति को ट्रैक कर सकते हैं।

स्वचालित पात्रता जांच: आवेदन जमा करने से पहले सिस्टम नियमों के तहत पात्रता की स्वतः जांच कर लेता है, जिससे मानवीय भूलों और मामलों के अनावश्यक लंबित रहने की गुंजाइश खत्म हो जाती है। 

त्वरित भुगतान और पारदर्शिता: प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए हर स्तर पर डिजिटल हस्ताक्षर टोकन (Digital Signature Token) या ओटीपी के माध्यम से फाइल स्वीकृत होगी। इसके बाद पोर्टल स्वतः बैंक भुगतान विवरण और लंबित मामलों की रिपोर्ट जनरेट कर देगा।

द्विभाषी सुविधा: कर्मचारियों की सहूलियत के लिए यह पोर्टल हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में सुलभ है।

इन-हाउस आईटी सेल का सराहनीय प्रयास

इस अत्याधुनिक एप्लीकेशन का डिज़ाइन और संपूर्ण विकास उत्तर मध्य रेलवे के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ द्वारा तरुण कुमार शुक्ला (मुख्य प्रबंधक सूचना प्रौद्योगिकी/उत्तर मध्य रेलवे) के कुशल मार्गदर्शन में किया गया है। इस पोर्टल को तैयार करने में आशीष कुमार, अमित कुमार एवं अनिल कुमार पटेल का विशेष और उल्लेखनीय योगदान रहा। 

महाप्रबंधक ने आईटी टीम की थपथपाई पीठ

उद्घाटन के दौरान महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने आईटी सेल की इस अभिनव पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के अंतर्गत लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और कार्य सुगमता सुनिश्चित करने में 'सेवा' पोर्टल अत्यंत निर्णायक और क्रांतिकारी साबित होगा। कागजी संचलन को समाप्त कर हम न केवल दफ्तरों को अधिक स्वच्छ, हाइटेक और व्यवस्थित बना रहे हैं, बल्कि अपने कर्मचारियों को पारदर्शी और बाधारहित सेवाएं भी प्रदान कर रहे हैं। यह कदम उत्तर मध्य रेलवे की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत कार्मिक संबंधी सभी प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाकर सेवा वितरण में सुधार लाया जा रहा है। बहुत जल्द इस पोर्टल को संपूर्ण भारतीय रेलवे के कर्मचारियों के लिए खोल दिया जाएगा।