Move to Jagran APP

Heatwave in India : रवि के वार से झुलसा उत्तर भारत; तापमान 49 के पार, दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में चली लू, जारी हुआ आरेंज अलर्ट

भीषण गर्मी ने रविवार को कई रिकार्ड तोड़ दिए। भीषण गर्मी से राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली झुलसती नजर आई। दिल्ली के कई इलाकों का तापमान 49 डिग्री पार पहुंच गया। यूपी में बांदा सबसे गर्म स्‍थान रहा जहां पारा 49 डिग्री को पार कर गया।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sun, 15 May 2022 10:21 PM (IST)Updated: Mon, 16 May 2022 12:31 AM (IST)
Heatwave in India : रवि के वार से झुलसा उत्तर भारत; तापमान 49 के पार, दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में चली लू, जारी हुआ आरेंज अलर्ट
भीषण गर्मी ने पिछले तमाम रिकार्ड तोड़ दिए हैं।

नई दिल्ली [जागरण न्‍यूज नेटवर्क]। भीषण गर्मी ने पिछले तमाम रिकार्ड तोड़ दिए हैं। झुलसा देने वाली धूप और भीषण लू के बीच रविवार को दिल्ली के कई इलाकों का तापमान 49 डिग्री पार कर गया। दिल्ली के दो स्टेशनों मुंगेशपुर और नजफगढ़ में तापमान क्रमश: 49.2 और 49.1 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक 15 मई को पिछले नौ साल में यह सबसे गर्म दिन रहा है।

loksabha election banner

तापमान 49 डिग्री के पार

वहीं उत्तर प्रदेश के बांदा में भी तापमान 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राजस्थान के धौलपुर में 48.3 और एनसीआर के गुरुग्राम का तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने गर्मी को देखते हुए आरेंज अलर्ट भी जारी किया है। विभाग के अनुसार, सोमवार को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। बादल छाए रहेंगे और धूल भरी तेज आंधी चलेगी। इससे अधिकतम तापमान में भी चार डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।

यूपी में बांदा सबसे गर्म, 49 डिग्री पर पहुंचा पारा  

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बीते हफ्ते बारिश के बाद नमी बढ़ने से उमस बढ़ गई है। अधिकतम तापमान बांदा में सर्वाधिक 49 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा।

हरियाणा में पड़ रही गर्मी की मार

रविवार को दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में भीषण गर्मी और लू ने लोगों को परेशान किया। उत्तर भारत में गर्मी लगातार बढ़ रही है और फिलहाल इसके तेवर में कमी आने की संभावना नहीं है। हरियाणा के ही रेवाड़ी में अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री पर पहुंच गया।

टूटा रिकार्ड 

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र बावल के अनुसार, पिछले 13 वर्षो में मई में कभी इतना अधिक तापमान नहीं रहा। वर्ष 2009 में 26 मई को अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, नारनौल में अधिकतम तापमान 47.5 दर्ज हुआ है।

मई में जून की तरह तपा पंजाब

पंजाब में प्रदेश में प्रचंड गर्मी ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। लू के बढ़ते प्रकोप के कारण लोगों को मई में जून जैसी तपिश का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को पंजाब के अधिकांश जिले लू की चपेट में रहे और तापमान ने पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। रविवार को मुक्तसर राज्य में सबसे गर्म रहा और यहां पर अधिकतम तापमान रिकार्ड 47.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को भी यहां तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो राज्य के सभी जिलों से सबसे ज्यादा था।

गर्मी ने दिखाया प्रचंड रूप

वहीं फिरोजपुर में अधिकतम तापमान 46.9, बठिंडा में 46.8, बरनाला में 46.4, जालंधर में 46.2, अमृतसर, मोगा व होशियारपुर में 46.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर डा. मनमोहन सिंह के अनुसार, मार्च और अप्रैल के बाद मई में गर्मी ने प्रचंड रूप दिखाया है। मई के पहले 15 दिनों में दिन का तापमान सामान्य से पांच से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है।

राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी

राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। रविवार को धौलपुर में तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में भी तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। प्रदेश के कई शहरों का तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियम से मध्य दर्ज किया गया।

केरल में भारी बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) ने अरब सागर में तेज पछुआ हवाओं के कारण केरल में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आइएमडी द्वारा केरल के छह जिलों में 15 मई को आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.