Move to Jagran APP

आसमान से बरस रही आग, उत्तर भारत में झुलसाती गर्मी से फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं

उत्तर और मध्य भारत में झुलसाती गर्मी और लू के थपेड़ों से 27 मई तक राहत की कोई संभावना नहीं है।

By Sanjay PokhriyalEdited By: Published: Thu, 24 May 2018 10:09 AM (IST)Updated: Thu, 24 May 2018 08:18 PM (IST)
आसमान से बरस रही आग, उत्तर भारत में झुलसाती गर्मी से फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं
आसमान से बरस रही आग, उत्तर भारत में झुलसाती गर्मी से फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं

नई दिल्ली [जेएनएन]। उत्तर और मध्य भारत में झुलसाती गर्मी और लू के थपेड़ों से 27 मई तक राहत की कोई संभावना नहीं है। भारतीय मौसम विभाग ने खासकर हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के लिए आंशिक चेतावनी जारी की गई है। संबंधित एजेंसियों को गर्मी और लू के प्रभावों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

loksabha election banner

दिल्ली में आज आंधी आने की संभावना
पिछले दो दिनों से दिल्ली प्रचंड गर्मी का सामना कर रही है। लू के थपेडे़ और धूप की तपिश जीना मुहाल किए हुए हैं। इस बीच गुरुवार को दोपहर बाद आंधी आने की संभावना है। इससे तापमान में मामूली कमी तो आएगी, लेकिन गर्मी और लू से बहुत अधिक राहत नहीं मिलेगी। तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच ही बना रहेगा।

बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा। पालम में तापमान 45.2, जाफरपुर में 44.3, लोधी रोड में 42.4, रिज में 43.2, आया नगर में 43.9, डीयू में 43.3, मंगेशपुर में 43.2, नजफगढ़ में 42.4, नरेला में 42.9 डिग्री तक गया। पालम में तापमान इस हफ्ते 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। सफदरजंग सहित दिल्ली -एनसीआर के अन्य हिस्सों में भी तापमान 45 डिग्री तक जाने के आसार हैं। इस तरह का मौसम 28 से 29 मई तक बना रहेगा।

उत्तराखंड के मैदानों में पारे का उछाल जारी 
उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में लू के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल रहा, वहीं पहाड़ों में हल्की बूंदाबांदी से तापमान में मामूली कमी आई है। मैदानी क्षेत्रों में प्रचंड गरमी के कारण दोपहर में सड़कों पर यातायात कम नजर आया और बाजारों में चहल-पहल कम रही। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम के मिजाज में बदलाव में कोई संभावना नहीं है। दूसरी ओर मौसम विभाग ने गुरुवार को भी तापमान में वृद्धि के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में लू के थपेड़ों की चेतावनी जारी की है। राजधानी देहरादून और मसूरी में भी मौसम का मिजाज तल्ख ही रहा। हालांकि दोपहर बाद धूल भरी आंधी चली, लेकिन इसका ज्यादा असर नजर नहीं आया।

हिमाचल में 44 डिग्री पहुंचा पारा
हिमाचल प्रदेश में पहाड़ तपने लगे हैं। बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ (बीबीएन) ऊना, सुंदरनगर व बिलासपुर में गर्मी व लू ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। बुधवार को सुबह से धूप काफी तेज थी और दोपहर तक ऊना में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शिमला में भी अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर गया है। आने वाले दिनों में भी गर्मी बढ़ने की उम्मीद है। अप्रैल में इस बार लोगों को गर्मी का अहसास नहीं हुआ क्योंकि बीच-बीच में हुई बारिश ने मौसम को ठंडा बनाए रखा था। अब मई के चौथे सप्ताह में गर्मी व लू से लोग परेशान हैं।

पंजाब रहा सबसे गर्म, पारा 44 तक पहुंचा
पंजाब में मौसम का मिजाज काफी गर्म हो चुका है। बुधवार को तपिश व लू चलने की वजह से पटियाला सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में पंजाब में मौसम खुश्क रहेगा। 24 मई से राज्य में गर्म हवाएं चल सकती है। जिसकी वजह से सूबे के नीम पहाड़ी इलाकों में 27 मई तक अधिकतम तापमान 41 से 45 और तक रहने की संभावना है।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.