Move to Jagran APP

लाल किला में साकार होगा गांधी ग्राम, बापू के आदर्शों पर बनाई जाएगी पेंटिंग

गणतंत्र दिवस पर लाल किला परिसर में शुरू होने वाले भारत पर्व में गांधी के सपनों का गांव साकार होगा।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Fri, 25 Jan 2019 06:36 PM (IST)Updated: Fri, 25 Jan 2019 06:36 PM (IST)
लाल किला में साकार होगा गांधी ग्राम, बापू के आदर्शों पर बनाई जाएगी पेंटिंग
लाल किला में साकार होगा गांधी ग्राम, बापू के आदर्शों पर बनाई जाएगी पेंटिंग

नई दिल्‍ली, संजीव कुमार मिश्र। गांधी के आदर्शों का ग्राम...गांधी के विचारों की जीवंतता...समानता एवं भाईचारे के संदेश...गांधी के जीवन में सत्य की अहमियत...यह सब सजा होगा कैनवस पर। रंगों में बात करेंगे गांधी...रंगों में साक्षात होंगे गांधी।

loksabha election banner

गणतंत्र दिवस पर लाल किला परिसर में शुरू होने वाले भारत पर्व में गांधी के सपनों का गांव साकार होगा। एक बार फिर इस उत्सव में भारत के विभिन्न राज्यों की कला-संस्कृतियों की झलक भी जीवंत होगी। 24 से अधिक राज्यों के कलाकार लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे। साथ ही दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों के सुस्वाद आपको खुश कर देंगे।

गांधी ग्राम के करें दर्शन
गांधी का ग्राम निराला ही होगा। अद्भुत होगा। इस आयोजन में ऐसा प्रयोग पहली बार किया जा रहा है। दर्शकों के लिए गांधी ग्राम के दर्शन करना एक अलग ही अनुभव होगा। 10 बड़े कलाकार गांधी के आदर्शों को रंगों में भर कैनवस पर उतारेंगे। साथ ही गांधी की रघुपति राघव राजा राम की धुन उनके आसपास उस ग्राम में होने की अनुभूति भी कराएगी।

पर्यटक गाड़ि‍यों के बारे में भी
भारत की धरा पर पर्यटन ने तेजी से रफ्तार पकड़ी है। रेलवे ने भी इस पर खासा ध्यान दिया है। कई ऐसी ट्रेने हमारे देश के पर्यटन के मान को बढ़ाने की अभिव्यक्ति करती हैं। इस बार भारत पर्व में पर्यटक गाडिय़ों के बारे में भी बताया जाएगा। आइआरसीटीसी का एक स्टॉल बनाया जाएगा जिसमें अधिकारी भारत में चल रही पर्यटक गाड़ि‍यों के बारे में जानकारी देंगे।

कला-संस्कृति के विविध रंग
भारत पर्व में प्रतिदिन शाम सात बजे से नौ बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 24 राज्यों के कलाकार इसमें शामिल होंगे। पहले दिन त्रिपुरा का होजगिरी नृत्य होगा। रियांग समुदाय की छोटी लड़कियां इस नृत्य को करती हैं।

इसी तरह नगालैंड का हो याया ला, मेघालय का वांगला, सिक्किम का चंडी शिल्ली, आंध्रप्रदेश का इमे रल्लो, असम का बरदोई और बिहू, मणिपुर का पुंग चोलम, गुजरात का डांडिया, तेलंगाना का माथुरी, मध्यप्रदेश का बधाई, हरियाणा का फाग, उत्तर प्रदेश की होली, बिहार का झिझिया आदि विभिन्न राज्यों की नृत्य प्रस्तुति दर्शकों को खूब आकर्षित करेंगी। यह मंच एक तरह से विलुप्त होते नृत्यों को जीवंत करने का भी एक अच्छा अवसर है।

जायके का तड़का
भारत पर्व में जायके का भी तड़का लगेगा। यहां दिल्ली, लखनऊ, अयोध्या, पटना और देहरादून के बेहतरीन जायके का भी लोग स्वाद चख सकेंगे। दिल्ली के सर्वाधिक 19 स्टॉल लगेंगे। लखनऊ का मलाई मक्खन, केसरिया दूध और कुल्फी मिलेगी। जबकि देहरादुन का रबड़ी जलेबी, बाल मिठाई, पकौड़ा,चिकन चंगेजी, रुमाली रोटी खा सकेंगे। दिल्ली के स्ट्रीट फूड की बात करें तो यहां चाउमीन, आलू चाट, छोले कुल्चे, भेलपूरी, बताशा पूरी, गोलगप्पा, टिक्की, गुलाब जामुन, लौंगलत्ता, ब्रेड पकौड़ा, टिक्की भल्ले, रोल्स, पिज्जा, सोडा शिकंजी, कोरमा टिक्का, दाल कचौड़ी, मावा, मिर्च वडा, मूंग हलवा, छोले, ड्राईफ्रूटस कचौड़ी समेत इडली डोसा होगा।

आयोजन : भारत पर्व

स्थल : लाल किला

समय : 26 से 31 जनवरी, दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक।

प्रवेश : निशुल्क। परिचय पत्र दिखाना होगा।

नजदीकी मेट्रो स्टेशन : लाल किला। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.