किसान क्रांति यात्रा: केंद्र और प्रदेश के मंत्रियों की ओर उछाला गया जूता, जमकर हुई नारेबाजी
किसान नेताओं ने जूता फेंक रहे लोगों को रोका।इसके बाद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किसानों को सरकार द्वारा उनकी मांगों के संबंध में दिए गए जवाब की जानकारी दी।
गाजियाबाद (जेएनएन)। गृहमंत्री राजनाथ सिंह से दोपहर में किसानों की वार्ता के बाद आश्वासन देने यूपी गेट पहुंचे केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के मंत्रियों को भारी विरोध झेलना पड़ा। कुछ किसानों ने तो मंत्रियों की ओर जूता उछाल दिया। हालांकि किसान नेता विरोध कर रहे लोगों को समझाते दिखाई दिए।
मंत्रियों की ओर जूता उछाला गया
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, प्रदेश कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी और प्रदेश के मंत्री स्वतंत्र प्रभार सुरेश राणा किसानों को आश्वासन देने पहुंचे थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने बोलना शुरू किया तो किसानों ने विरोध शुरू कर दिया। कुछ किसानों ने मंत्रियों की ओर जूता उछा दिया। हालांकि जूता उन्हें लगा नहीं और किसान नेता नरेश टिकैत की ओर गया। किसान नेताओं ने जूता फेंक रहे लोगों को रोका।इसके बाद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किसानों को सरकार द्वारा उनकी मांगों के संबंध में दिए गए जवाब की जानकारी दी। उधर, मंत्री जब किसानों के बीच से निकले तो किसानों ने जमकर नारेबाजी की।
अजीत सिंह को कंधों पर उठाया
उधर, राकेश टिकैत से मिलने पहुंचे अजीत सिंह का किसानों ने गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें कंधों पर उठा लिया। भीड़ के बीच से उन्हें कंधों पर उठाए राकेश टिकैत के पास लेकर पहुंचें। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजीत सिंह ने किसान रैली को अपना समर्थन देते हुए किसानों के साथ खड़ा होने की बात कही। इसके बाद उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों का हाल भी जाना।