दिल्ली एयरपोर्ट का रनवे अगले 13 दिनों के लिए बंद, 86 फीसद तक बढ़ा किराया
रनवे बंद होने से यहां आने और जाने वाले विमानों की संख्या और समय में फर्क पड़ा है। इसका सीधा असर विमानों के किराए पर नजर आ रहा है।
नई दिल्ली, जेेएनएन। देश की राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का एक रनवे 13 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान रनवे पर मरम्मद का काम होगा। रनवे बंद होने से यहां आने और जाने वाले विमानों की संख्या और समय में फर्क पड़ा है। इसका सीधा असर विमानों के किराए पर नजर आ रहा है।
खबरों के अनुसार रनवे बंद होने से कई उड़ानें बंद कर दी गईं हैं और इस कारण विमानों के स्पॉट फेयर में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सप्ताहांत में विमान किरायों में 86 फीसद तक बढ़ोतरी हो गई है। उड़ान भरने के कुछ घंटे पहले जो रकम देकर टिकट खरीदा जाता है उसे स्पॉट फेयर कहते हैं।
दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने इससे पहले इसी महीने घोषणा की थी कि तीन में से एक रनवे को मरम्मत कार्य के लिए 15 नवंबर से 13 दिन के लिए बंद रखा जाएगा। एयरलाइन कंपनियों से कहा गया था कि वे इसी के अनुरूप अपनी उड़ान सारिणी में भी बदलाव करें।
आंकड़ों के अनुसार दिल्ली से बेंगलुरु का टिकट सामान्य दिनों में 11,044 रुपये का है। शुक्रवार को इसका दाम 17 हजार रुपए तक पहुंच गया। वहीं मुंबई से दिल्ली आने वाले यात्रियों को आज 11,060 रुपये खर्च करने होंगे। सामान्य दिनों में इस मार्ग का किराया 9,228 रुपये है.
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) के तीन में से एक रनवे मरम्मत कारणों से नवंबर में 13 दिनों के लिए बंद रहेगा। इससे रोजाना करीब 100 उड़ानें प्रभावित होंगी। इसमें 50 टेक ऑफ और 50 लैंडिंग करने वाली होंगी।
आईजीआई का संचालन डायल की ओर से किया जाता है। डायल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कुल तीन में से एक रनवे (नंबर-27/09) को नवंबर में 13 दिनों के लिए बंद रखा जाएगा। यह फैसला मरम्मत के काम को देखते हुए किया गया है। रनवे 15 नवंबर से 27 नवंबर तक बंद रहेगा। इसका असर दो लाख से अधिक यात्रियों पर होने की संभावना है।