दिल्ली एयरपोर्ट पर आने-जाने वाली 11 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रहीं रद
पाकिस्तान में एयर स्पेस बंद होने के कारण शुक्रवार को भी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आइजीआइ) से कई अंतरराष्ट्रीय सेवाओं का संचालन नहीं हुआ।
जासं, नई दिल्ली। गुलाम कश्मीर में वायु सेना की कार्रवाई के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच उपजे तनाव का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ रहा है। पाकिस्तान में एयर स्पेस बंद होने के कारण शुक्रवार को भी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आइजीआइ) से कई अंतरराष्ट्रीय सेवाओं का संचालन नहीं हुआ।
इस दौरान दिल्ली आने और जाने वाली कुल 11 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद रहीं। इनमें पांच उड़ानें दिल्ली से विभिन्न देशों में प्रस्थान करने और छह अन्य देशों से दिल्ली आने वाली थीं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान ने चार मार्च तक अपनी हवाई सीमा बंद कर रखी है। लिहाजा पाकिस्तान से होकर अन्य देशों में जाने वाली उड़ानों का संचालन नहीं हो पा रहा है। शुक्रवार को भी पाकिस्तान एयरस्पेस से होकर दिल्ली आने-जाने वाली 11 उड़ानें रद रहीं। प्रभावित उड़ानें लाहौर, ज्यूरिख, काबुल, कंधार, अबु धाबी, अल्माटी, वैंकूवर व देशों में आने-जाने वाली थीं।
27 फरवरी को पाकिस्तान का एयर स्पेस बंद होने के कारण दिल्ली आने वाली सात और जाने वाली आठ अंतराष्ट्रीय उड़ानें रद रहीं थी। दो उड़ानों को अन्य देशों में डायवर्ट करना पड़ा था। 28 फरवरी को भी 12 प्रस्थान व 12 आने वाली उड़ानें रद रही थीं। इस दौरान यहां से जाने वाली 22 उड़ानें और यहां आने वाली 17 उड़ानें देरी से उड़ी और उतरीं। इससे भी यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।