अरुण जेटली का किडनी ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन सफल, राहुल गांधी ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
दिल्ली के एम्स अस्पताल ने एक प्रेस रिलीज जारी कर जानकारी दी की केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का ऑपरेशन सफल रहा है। एम्स के मुताबिक जेटली और उनके डोनर की हालत स्थिर है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। केंंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली का आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में किडनी ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन सफल रहा। एम्स अस्पताल ने यह जानकारी दी है। 65 वर्षीय जेटली को रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें आज सुबह करीब आठ बजे ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया। किडनी की बीमारी से ग्रस्त अरूण जेटली का पिछले एक महीने से डायलिसिस हो रहा था।
केंंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने किया ट्वीट
वित्त मंत्री अरूण जेटली का किडनी ट्रांसप्लांट ऑपरेशन सफल होने के बाद केंंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि 'अरूण जेटली की सफल किडनी प्रत्यारोपण सर्जरी के बारे में जानकर खुशी हुई, मैं उसके और किडनी डोनर के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।'
सफल रहा ऑपरेशन
अस्पताल ने एक प्रेस रिलीज जारी कर जानकारी दी की जेटली का ऑपरेशन सफल रहा है। एम्स के मुताबिक जेटली और उनके डोनर की हालत स्थिर है। सूत्रों ने अनुसार, अपोलो के गुर्दा प्रतिरोपण विशेषज्ञ डॉ संदीप गुलेरिया और उनके भाई एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया भी प्रतिरोपण करने वाली टीम का हिस्सा हैं। छह अप्रैल को एक ट्वीट के जरिए उन्होंने अपनी बीमारी की पुष्टि की थी।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अरुण जेटली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी अरुण जेटली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
टाल दिया गया था ऑपरेशन
कई साल पहले जेटली के हृदय का आपरेशन हो चुका है। इससे पहले पिछले महीने भी जेटली किडनी ट्रांसप्लांट के लिए एम्स में भर्ती हुए थे। उस समय डोनर से उनकी किडनी मैच नहीं होने के कारण उनका ऑपरेशन टाल दिया गया था। 65 साल के जेटली को डॉक्टरों में पब्लिक मीटिंग में जाने से मना किया था। उन्होंने जीएसटी काउंसिल की बैठक भी वीडियो कॉन्फ्रैंस के जरिए ही ली।
लंबे समय से थी बीमारी
अरुण जेटली लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका 2014 में बैरिएट्रिक का ऑपरेशन भी हुआ था। डायबिटीज से ग्रसित होने के कारण उनका वजन बढ़ रहा था इस निदान के लिए ही उनकी बैरिएट्रिक सर्जरी हुई थी।
यह भी पढ़ें: facebook के जरिए महानायक ने कही 'मन की बात', बोले- 'बाबूजी' ने नहीं लिखी ये कविता