मेटा इंडिया प्रमुख को समन, इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण के विज्ञापनों को लेकर NCPCR सख्त
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने इंटरनेट मीडिया मंच पर बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से संबंधित सामग्री ...और पढ़ें

NCPCR ने बाल यौन शोषण सामग्री वाले विज्ञापनों पर मेटा इंडिया प्रमुख को तलब किया
HighLights
एनसीपीसीआर ने तीन जुलाई को एक खबर का स्वतः संज्ञान लिया था
जुलाई में सरकार ने मेटा को कड़ी चेतावनी दी थी
पीटीआई, नई दिल्ली। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने इंटरनेट मीडिया मंच पर बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से संबंधित सामग्री के विज्ञापनों के मामले में जांच के तहत मेटा इंडिया के प्रबंध निदेशक और प्रमुख को बुधवार को तलब किया है।
एनसीपीसीआर ने तीन जुलाई को एक खबर का स्वतः संज्ञान लिया था, जिसमें ऐसी बाल सामग्री से संबंधित विज्ञापनों का जिक्र किया गया था। आयोग ने मेटा प्लेटफार्म्स इंक से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा था। मेटा ने एक सप्ताह बाद आयोग को अपना जवाब सौंप दिया।
अधिकारियों ने बताया कि अब एनसीपीसीआर ने मामले के तथ्यों का पता लगाने के लिए जांच शुरू करने का फैसला किया है। इसी के तहत आयोग ने मेटा इंडिया के प्रबंध निदेशक और प्रमुख को बुधवार को उसके समक्ष पेश होने के लिए तलब किया है।
आनलाइन मंच के जरिए बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री की कथित उपलब्धता और उसे बढ़ावा दिए जाने को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बीच आयोग का यह कदम सामने आया है।
जुलाई में सरकार ने इंस्टाग्राम पर पेड विज्ञापनों में बच्चों के यौन शोषण से संबंधित सामग्री को लेकर मेटा को कड़ी चेतावनी दी थी।
इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इंस्टाग्राम को ऐसी सामग्री को बढ़ावा देने और उस तक पहुंच को सुगम बनाने वाले सभी विज्ञापनों और सामग्री को हटाने का आदेश दिया था। मंत्रालय ने इस संबंध में विस्तृत स्पष्टीकरण भी मांगा था।
