नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त एक्शन, कोलकाता में केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के अधिकारियों को ट्रेनिंग दे रही NCB
मादक पदार्थों से जुड़े मामलों की जांच और कार्रवाई को मजबूत करने के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने पश्चिम ...और पढ़ें

मादक पदार्थ मामलों की जांच मजबूत करने के लिए कोलकाता में एनसीबी का पांच दिवसीय प्रशिक्षण
HighLights
54 निरीक्षक स्तर के जांच अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
डिजिटल साक्ष्य, डार्कनेट और वित्तीय जांच पर भी जोर
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मादक पदार्थों से जुड़े मामलों की जांच और कार्रवाई को मजबूत करने के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने पश्चिम बंगाल एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के सहयोग से कोलकाता में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।
28 सितंबर से दो अक्टूबर तक चले प्रशिक्षण में एएनटीएफ, बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस के जांच अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण में निरीक्षक स्तर के 54 जांच अधिकारियों को शामिल किया गया। इसका उद्देश्य अधिकारियों को विशेषज्ञ जानकारी देने के साथ उन्हें अपने-अपने विभागों में अन्य पुलिसकर्मियों तक यह जानकारी पहुंचाने में सक्षम बनाना था।
कार्यक्रम में तलाशी और जब्ती की प्रक्रिया, नमूना लेने और दस्तावेजीकरण, पीआइटीएनडीपीएस एक्ट तथा जांच की तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में डिजिटल साक्ष्य, काल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और इंटरनेट प्रोटोकाल डिटेल रिकार्ड (आइपीडीआर) के विश्लेषण के साथ वित्तीय जांच, मादक पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले प्रीकर्सर रसायनों के अवैध डायवर्जन, डार्कनेट से जुड़े मामलों और सिंथेटिक ड्रग्स की जांच पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा अवैध खेती, मुकदमों की निगरानी और जब्त सामग्री के निपटारे से जुड़े विषय भी शामिल रहे।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों की समझ परखने के लिए माक टेस्ट हुआ। पुलिस महानिदेशक ने इसमें शीर्ष स्थान पाने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया और समापन सत्र को संबोधित किया।
