मलेशिया की पांच दिवसीय यात्रा पर भारतीय नेवी चीफ सुनील लांबा
मलेशिया में दोनों देशों के नौसैनिकों के बीच इस साल के जून में एक प्रशिक्षण अभ्यास भी होना निर्धारित किया गया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा आज से मलेशिया की पांच दिवसीय सद्भावना यात्रा पर हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय समुद्री संबंधों को मजबूत करने और बढ़ाने के उद्देश्य से है। इससे भारत और मलेशिया के बीच रक्षा संबंधों के बढ़ाने की उम्मीद है।
एडमिरल सुनील लांबा अपनी इस पांच दिवसीय यात्रा के दौरान मलेशिया के डिप्टी मिनिस्टर ऑफ डिफेंस के साथ-साथ मलेशियाई रक्षा बलों के चीफ के साथ चर्चा करेंगे, जिनमें सेना प्रमुख, नौसेना और मलेशिया के वायु सेना प्रमुख शामिल हैं।
भारतीय और रॉयल मलेशियाई नौसेना के बीच इस दौरान प्रशिक्षण, संचालन के साथ-साथ कई विषयों पर बातचीत होगी। इससे दोनों देशों के रिश्तों में मजबूती आएगी। वैसे दोनों देशों में रिश्तों को मजबूत करने का दौर काफी समय से चल रहा है। दोनों नौसेनाओं से युद्धपोतों को एक दूसरे के बंदरगाहों पर जाने के लिए 'मैत्री का पुल' बनाने के लिए रॉयल मलेशियाई नौसेना के चीफ (आरएमएन) ने लड़ाकू जलपोत केडी लेकियर के साथ फरवरी 2016 में विशाखापट्टनम में अंतर्राष्ट्रीय बेड़े की समीक्षा-2016 में भाग लिया था। मलेशिया में दोनों देशों के नौसैनिकों के बीच इस साल के जून में एक प्रशिक्षण अभ्यास भी होना निर्धारित किया गया है।
इसे भी पढ़ें: विकास के मुद्दों पर मलेशिया सरकार और उत्तराखंड शासन के बीच हुई बात