नवीन चौथी बार बनेंगे ओडिशा के मुख्यमंत्री
भुवनेश्वर। लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव में भी शानदार प्रदर्शन के चलते नवीन पटनायक लगातार चौथी बार ओडिशा की सत्ता संभालेंगे। बीजू जनता दल अध्यक्ष नवीन पटनायक ने विधानसभा की 147 में से 117 सीटों पर कब्जा जमाते हुए न सिर्फ पूर्ण बहुमत हासिल किया बल्कि उनका प्रदर्शन पिछली बार से भी शानदार रहा। रविवार को पार्टी मुख्यालय
भुवनेश्वर। लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव में भी शानदार प्रदर्शन के चलते नवीन पटनायक लगातार चौथी बार ओडिशा की सत्ता संभालेंगे। बीजू जनता दल अध्यक्ष नवीन पटनायक ने विधानसभा की 147 में से 117 सीटों पर कब्जा जमाते हुए न सिर्फ पूर्ण बहुमत हासिल किया बल्कि उनका प्रदर्शन पिछली बार से भी शानदार रहा। रविवार को पार्टी मुख्यालय पर हुई बैठक में नवीन को विधायकों ने सर्वसम्मति से अपना नेता चुन लिया गया।
वर्ष 2000 से लगातार मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने विधानसभा चुनाव के बाद नए विधायकों को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा, 'हम मिलकर नई कोशिशों से ओडिशा के लोगों के विकास का कार्य करेंगे।' 2009 के पिछले चुनाव में बीजद को 103 सीटें मिलीं थी लेकिन इस बार उसके प्रदर्शन ने कांग्रेस, भाजपा को सस्ते में समेट दिया। यहां कांग्रेस को 16 जबकि भाजपा को महज 10 सीटें हासिल हुई।
इतना ही नहीं इस बार के लोकसभा चुनाव में बीजद को प्रदेश की 21 में से 20 सीटें मिली। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल एससी जमीर जल्द ही बीजद को सरकार बनाने के लिए बुलाएंगे। इधर, नवीन पटनायक भी अपना नया मंत्रिमंडल जल्द गठित कर सकते हैं।
67 वर्षीय बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक को राजनीति अपने पिता व पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक से विरासत में मिली। पिता की मौत से पहले वे अमेरिका में रहते थे। भारत आकर उन्होंने जनता दल से अलग होकर बीजू जनता दल नाम से नई पार्टी बनाई। 14 साल पहले ओडिशा में कांग्रेस को हटाकर सरकार बनाने वाले नवीन लगातार बने हुए हैं। अविवाहित नवीन पटनायक एक अच्छे लेखक भी हैं और अब तक उनकी तीन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।