नगालैंड में जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की मौत, पुलिस ने जारी किया रेड अलर्ट
नगालैंड के तुएनसांग जिले में जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं।
-1789318406042_m.webp)
नगालैंड के तुएनसांग में जहरीली शराब का कहर
HighLights
नगालैंड के तुएनसांग जिले में जहरीली शराब से 9 मौतें
मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य भी शामिल थे
पुलिस ने रेड अलर्ट जारी कर जांच शुरू की
आईएएनएस, कोहिमा। नगालैंड के तुएनसांग जिले में पिछले तीन दिनों में जहरीली शराब पीने से लगभग नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य भी शामिल हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद राज्य पुलिस ने रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से अनजान या अनधिकृत स्रोतों से मिली शराब न पीने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जहरीली शराब पीने के बाद पीड़ितों को सांस लेने में तकलीफ हुई और बाद में उनकी मौत हो गई। हालांकि, इन मौतों की वजह का आधिकारिक तौर पर अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन नगालैंड के पुलिस महानिदेशक रूपिन शर्मा ने कहा कि लोगों की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि 10 और 11 सितंबर को तुएनसांग टाउन और चेंडैंग सैडल में कुल नौ लोगों की मौत की सूचना मिली।
बयान में कहा गया है कि अभी उपलब्ध जानकारी के आधार पर सभी मौतों का शराब पीने से सीधा या अप्रत्यक्ष संबंध है और उसी के अनुसार जांच की जा रही है। शराब बेचने वाले परिवार के एक सदस्य ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी मौत के कारणों की अलग से जांच की जा रही है।
