कर्नाटक: मैसूर के रेस्तरां-बार में लगी भीषण आग, 2 लोगों की मौत; सात झुलसे
मैसूर के दत्तागल्ली स्थित 'फॉक्स डेन लिकर गैराज बार एंड रेस्टोरेंट' में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई और सात लोग बुरी तरह से झुलस गए।
HighLights
मैसूर के रेस्तरां-बार में लगी भीषण आग।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग में दो की मौत।
सात लोग घायल, अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डिजिटल डेस्क, मैसूर। कर्नाटक के मैसूर में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक रेस्तरां-बार में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, वहीं 7 लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं। घटना RT नगर इलाके में दत्तागल्ली के पास स्थित बार 'फॉक्स डेन लिकर गैराज बार एंड रेस्टोरेंट' में हुई है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग तेजी से पूरे रेस्तरां में फैल गई, जिसने कुछ ही मिनटों में रेस्तरां के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। तेजी से फैलाती आग का चलते अंदर मौजूद लोगों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
मरने वालों की हुई पहचान
मरने वालों की पहचान दार्जिलिंग के रहने वाले साहिन (26) और नेपाल के रहने वाले प्रकाश (24) के तौर पर हुई है। दोनों इसी रेस्तरां में काम करते थे। रिपोर्ट्स के अनुसार आग के तेज होने पर वे इमारत के अंदर ही फंस गए थे। मौके पर ही जलने से उनकी मौत हो गई।
25 लोग रेस्तरां में थे मौजूद
इस घटना में सात अन्य लोग घायल हो गए, फिलहाल उन्हें इलाज के लिए करीबी अस्पताल ले जाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोग बुरी तारह झुलस गये हैं, जबकि कुछ लोग धुएं से भरी इमारत से बाहर निकलने की कोशिश में घायल हो गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब आग लगी तो रेस्तरां के अंदर 25 से ज्यादा लोग मौजूद थे। जैसे ही इमारत में धुआं फैला, तो कई लोग अंदर ही फंस गए। फायर और इमरजेंसी सर्विस के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
बाहर निकलने का नहीं मिला रास्ता
फायर ब्रिगेड ने जलती हुई इमारत से सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। चश्मदीदों ने बताया कि घने धुएं के चलते कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था और बाहर निकलने के रास्ते बंद हो गए थे, जिससे अंदर मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई। खुद को बचाने की हताशा में, कुछ लोगों ने इमारत की ऊपरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उन्हें और चोटें आईं।
Mysuru, Karnataka: A fire broke out at Fox Den Liquor Garage Bar and Restaurant near Netaji Circle in Mysuru’s Dattagalli area, reportedly due to a short circuit. More than 25 people were inside at the time. Several sustained injuries, seven people were rescued, and an… pic.twitter.com/6aHuifMyup
— IANS (@ians_india) June 15, 2026
