जब कष्ट दूर करने की मुराद लेकर शनिदेव की शरण में पहुंची एक मुस्लिम महिला
पारिवारिक कष्ट निवारण को एक मुस्लिम महिला चरथावल मोड़ स्थित भगवान शनिधाम मंदिर में पहुंची। समस्याओं से पार पाने को हाथ जोड़कर प्रार्थना की।
मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। पारिवारिक कष्ट निवारण को एक मुस्लिम महिला चरथावल मोड़ स्थित भगवान शनिधाम मंदिर में पहुंची। समस्याओं से पार पाने को हाथ जोड़कर प्रार्थना की। परिवार के लोग भी साथ रहे।
मुजफ्फनगर के मोहल्ला खालापार निवासी एक मुस्लिम महिला रविवार को बुर्का पहने हुए परिजनों के साथ चरथावल रोड पर स्थित शनिधाम मंदिर पहुंची। उसके साथ गए परिजनों ने मंदिर कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शरद कपूर से कहा कि महिला को शनिदेव की आराधना करनी है। मंदिर कमेटी के पदाधिकारी पहले चौंक गए, फिर पूरी मामले की जानकारी ली। महिला ने कहा कि शनिदेव ही उनके कष्टों को दूर कर सकते हैं। बीते दिनों एक बाबा ने बताया था कि कष्टों का निवारण भगवान शनिदेव करेंगे। उनकी आराधना करने से सब ठीक हो जाएगा। इसके चलते वे परिवार के साथ यहां प्रार्थना करने आई हैं।
शनिधाम मंदिर कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शरद कपूर ने बताया कि बड़े भाव और भक्ति से मुस्लिम महिला ने शनिदेव की प्रार्थना की। प्रसाद ग्रहण करने के बाद लौट गई। व्यापारी नेता भूरा कुरैशी ने बताया कि पड़ोस की बेटी ने जब उनसे कहा कि शनिदेव की प्रार्थना करनी है तो वह साथ में शनिधाम मंदिर आ गए। बिटिया की शनिदेव में आस्था और निष्ठा है।