कर्नाटक में गो हत्या पर मौलाना ने लोगों को उकसाया, मंत्री रहे चुप
कर्नाटक में एक मुस्लिम विद्वान के भाषण से विवाद पैदा हो गया है। मौलाना ने भाजपा विधायक की मौजूदगी में आगामी ईद पर गाय की बलि देने की बात कही है।
बेंगलुरु [प्रेट्र]। कर्नाटक में एक मुस्लिम विद्वान के भाषण से विवाद पैदा हो गया है। मौलाना ने बकरीद के मौके पर गाय की बलि देने की बात कही है जबकि राज्य में गो हत्या पर प्रतिबंध है। मौलाना ने यह बात राज्य के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री शिवानंद पाटिल की मौजूदगी में दिया। मौलाना तनवीर हाशमी ने यह भाषण रमजान के दौरान नमाज के बाद उत्तरी कर्नाटक के विजयापुरा में दिया।
मौलाना हाशमी विजयापुरा में स्थित हाशिम पीर की दरगाह के प्रमुख हैं। तीन दिन पहले का मौलाना के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हुआ है। मौलाना जब यह भाषण दे रहे थे, तब मंत्री चुपचाप उसे सुन रहे थे।
मौलाना ने कहा, हम आपको बता देना चाहते हैं। दो महीने बाद बकरीद है। गाय के नाम पर शैतानों ने बहुत गड़बड़ की है। (मंत्री की तरफ देखते हुए) हम आपको बता रहे हैं कि बकरीद पर गाय की बलि दिए जाने पर ये फिर बवाल कर सकते हैं। इसका आपको ध्यान रखना है।
मौलाना का यह बयान पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा विधायक बासनागौड़ा पाटिल यतनाल के उस बयान के बाद आया है जिसमें वह पार्षदों से सिर्फ हिंदुओं के काम करने के लिए कहते हुए सुनाई दे रहे हैं। क्योंकि हिंदुओं के ही वोट से वे जीते हैं। यतनाल ने यह बात बीजापुर में कही थी। उनके भाषण का वीडियो भी सामने आया है। हालांकि बाद में विधायक ने भाषण पर सफाई भी दी।
मौलाना के भड़काऊ भाषण से उपजे विवाद के बीच सामाजिक कार्यकर्ता रितु राठौर ने कर्नाटक सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाया है। कहा है कि यह शर्मनाक है। मौलाना हाशमी का गो हत्या के लिए लोगों को उकसाना बताता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है।