मुंबई में हुई जमकर बारिश, जाम की स्थिति पैदा, ट्रेनें भी हुईं लेट
मुंबई में कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा, ऐसा कहना है मौसम विभाग के अधिकारी का। वहीं बारिश के कारण लोगों को कई दिक्कतें भी झेलनी पड़ेंगी।
मुंबई, जेएनएन। मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मंगलवार शाम और फिर बुधवार सुबह भी मुंबई में जमकर बारिश हुई है। इस कारण अंधेरी उपनगरीय इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। वहीं जाम की समस्या भी खड़ी हो गई है। मौसम विभाग ने बुधवार सुबह से मौसम सही होने की घोषणा की थी।
सोमवार का दिन मुंबईवासियों के लिए बेहद मुश्किल भरा रहा। पिछले एक दशक में वह सबसे गर्म दिन था। तापमान 35 डिग्री सेल्सियस हो गया था, जो कि सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। वहीं नमी 80 प्रतिशत से बढ़कर 87 प्रतिशत हो गई, जिससे शहरवासियों की बेचैनी और बढ़ गई।
मौसम विभाग की अधिकारी शुभांगी भुटे ने कहा कि अचानक गर्मी में हुई बढ़ोतरी की यह स्थिति कायम नहीं रहेगी। पूर्व से चल रही तीव्र हवाओं के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है। गर्म लहरें अब पश्चिमी हवाओं को रोक रही हैं। इसलिए खराब मौसम की स्थिति से एक-दो दिन में निजात मिल सकती है, मगर तापमान धीरे-धीरे कम होगा। वहीं शिवांगी ने यह भी कहा कि मानसून अभी खत्म नहीं होने जा रहा है। कुछ और दिनों तक मुंबई में ठंडा मौसम बना रहेगा।
स्थानीय मौसम विभाग केंद्र के अनुसार, आज शाम-रात में भी बारिश हो सकती है। अंधेरी जैसे इलाकों में जलभराव हो गया है, इसलिए जाम की स्थिति से जूझना पड़ सकता है। वहीं मंगलवार को हुई बारिश के नवी मुंबई के वाशी इलाके में कुछ दुर्घटनाएं भी हुई हैं। लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। हार्बर और सेंट्रल लाइन पर ट्रेंने आज सुबह 10 मिनट की देरी से चलीं। हालांकि वेस्टर्न लाइन पर कोई दिक्कत नहीं हुई।
यह भी पढ़ें: अगर देश की हवा हो जाए साफ तो इतने साल बढ़ जाएगी हमारी जिंदगी