मुंबई, गुजरात और मध्यप्रदेश तक फैली कोरेगांव हिंसा की आग, 30 पुलिसकर्मी घायल
एक अधिकारी ने कहा कि विरोध के दौरान हुई घटनाओं की जांच के तहत 300 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया।
मुंबई, पीटीआइ। भीमा-कोरेगांव हिंसा की आग मुंबई तक फैली, जिसमें कई सरकारी बसों में तोड़फोड़ हुई, सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। इस दौरान भीड़ ने पत्थरबाजी भी की, जिसमें 30 पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने इस हिंसा में शामिल 300 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
कोरेगांव में हिंसा के बाद कुछ दलित समुदायों ने कल महाराष्ट्र बंद का अह्वान किया था। इस दौरान जगह-जगह लोग इकट्ठा हुए, बाजारों का बंद कराया और सड़कों को जाम किया। इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस दौरान पुलिसकर्मियों को ज्यादातर चोटें पत्थरबाजी से लगी हैं।
उन्होंने बताया कि पत्थरबाजी की सबसे ज्यादा घटनाएं पवाई और गोवांडी क्षेत्रों में हुई। इन क्षेत्रों में 11 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस उपायुक्त शहाजी उमप ने बताया कि गोवंडी और आसपास के इलाकों में 11 जवान घायल हो गए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम, महाराष्ट्र निरोधक संपत्ति अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के संबंधित धाराओं के तहत 16 प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गई हैं।
एक अधिकारी ने कहा कि विरोध के दौरान हुई घटनाओं की जांच के तहत 300 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया। बता दें कि 1 जनवरी को पुणे जिले में हुई हिंसा के बाद प्रकाश आंबेडकर ने बंद को बुलाया गया था। हालांकि बंद के दौरान हिंसा की वारदातों को देखते हुए प्रकाश ने शाम होते-हाते बंद को वापस ले लिया था। लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने अब कई लोगों के खिलाफ एफआइआर भी दर्ज की हैं। भीमा-कोरेगांव हिंसा का मामला बुधवार और गुरुवार को संसद में भी गूंजा।
गुजरात में भी सड़क पर उतरे लोग
भीमा-कोरेगांव हिंसा के विरोध की आग गुजरात तक भी पहुंच गई है। गुजरात में भी लोग सड़कों पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मधुरम बाय-पास रोड जाम किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
मध्यप्रदेश में बसें तोड़ी
यहां भी भीमा-कोरेगांव की हिंसा की तपिश दिखाई दी। प्रदर्शनकारियों ने यहां बंद के दौरान बुरहानपुर स्थित पुष्पक बस स्टैंड में बसों पर पत्थरबाजी की, जिसमें 12 बसों को नुकसान पहुंचा। यहां एक बस ड्राइवर भी घायल हुआ है।
यह भी पढ़ें: Pune Violence: मुंबई में जिग्नेश- खालिद का कार्यक्रम रद, पुणे में दोनों के खिलाफ FIR