मुंबई पुलिस ने दुष्कर्म और धोखाधड़ी के आरोप में केरल के माकपा नेता के पुत्र को किया तलब
पुलिस ने केरल की माकपा इकाई के सचिव कोडिएरी बालकृष्णन के पुत्र बिनोय विनोदिनी बालकृष्णन के खिलाफ पिछले सप्ताह दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।
तिरुवनंतपुरम, आइएएनएस/प्रेट्र। दुष्कर्म मामले में मुंबई पुलिस ने आरोपित केरल के माकपा नेता के पुत्र को तलब किया है। उसे तीन दिन में पेश होने को कहा गया है। महाराष्ट्र पुलिस ने केरल पुलिस से जांच में मदद मांगने के संकेत भी दिए हैं।
गौरतलब है कि पुलिस ने केरल की माकपा इकाई के सचिव कोडिएरी बालकृष्णन के पुत्र बिनोय विनोदिनी बालकृष्णन के खिलाफ पिछले सप्ताह दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। पूर्व बार डांसर और बिहार निवासी महिला की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा था कि उनका एक बच्चा भी है।
ओशिवारा पुलिस के अनुसार मामले की जांच चल रही है। महिला के दावों के सच्चाई का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अपनी शिकायत में महिला ने दावा किया था कि वह आरोपित से दुबई में मिली थी। वहां वह एक बार में डांसर थी। बिनोय डांस बार में अक्सर आता था, जिसके चलते दोनों में संबंध हो गए।
आरोपित ने उससे शादी का वादा कर डांस बार की नौकरी छोड़ने को कहा। महिला ने यह भी दावा किया कि 2010 में आरोपित ने उसे एक घर किराए पर लेकर दिया, जहां पर वह आता-जाता था। महिला ने कहा कि उसे पिछले साल ही पता चला कि आरोपित पहले से ही शादीशुदा है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप