विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई: इंडिगो की केबिन क्रू की ऑफिस से लौटते वक्त सड़क हादसे में मौत, कैब ड्राइवर पर FIR दर्ज

Published: Mon, 21 Sep 2026 02:43 PM (IST)

मुंबई के बोरीवली ईस्ट में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंडिगो एयरलाइंस की केबिन क्रू ...और पढ़ें

इंडिगो केबिन क्रू कैनूर मिस्त्री की सड़क हादसे में मौत

इंडिगो केबिन क्रू कैनूर मिस्त्री की सड़क हादसे में मौत

HighLights

  1. इंडिगो केबिन क्रू कैनूर मिस्त्री की सड़क हादसे में मौत।

  2. बोरीवली ईस्ट वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा।

  3. कैब ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के बोरीवली ईस्ट में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे में इंडिगो एयरलाइंस की 32 साल की केबिन क्रू सदस्य कैनूर मिस्त्री की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह ड्यूटी खत्म करने के बाद कंपनी की कैब से वापस अपने घर लौट रही थीं।

हादसे की शिकार हुई कैनूर की कैब

जानकारी के मुताबिक घटना 18 सितंबर की है। कैनूर मिस्त्री अपनी शिफ्ट पूरी करके कैब से घर जा रही थीं, तभी वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बोरीवली ईस्ट के पास कैब चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे तेज रफ्तार कार सीधे पुल की रेलिंग से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार की पिछली सीट पर बैठी मिस्त्री के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के तुरंत बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

कैनूर का था 8 साल का बेटा

मुंबई के मीरा रोड की रहने वाली कैनूर मिस्त्री के परिवार पर इस हादसे से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में उनका एक 8 साल का मासूम बेटा भी है।

कैब ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज

जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस ने अपने कर्मचारियों को पिक-अप और ड्रॉप की ट्रांसपोर्ट सुविधा देने का ठेका मयूरेश टूर एंड ट्रैवल्स को सौंपा था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की कार्रवाई करते हुए कैब ड्राइवर विजय खोसे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

शुरुआत में पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने और लोगों की जान जोखिम में डालने की धाराओं में केस दर्ज किया था।हालांकि, कैनूर मिस्त्री की मौत के बाद अब पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और ड्राइवर को नोटिस जारी किया है।

कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

हादसे के बाद एयरलाइंस और निजी कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को दी जाने वाली ट्रांसपोर्ट सुविधाओं की सुरक्षा व्यवस्था और कैब ड्राइवरों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

यह भी पढ़ें- मुंबई के 5 स्टार होटल में खाने की टेबल पर दिखा कॉकरोच, मशहूर डॉक्टर ने शेयर किया वीडियो; तुकाराम मुंडे को किया टैग