Mumbai House Ceiling Collapsed: मुंबई के मुलुंड में एक घर की छत गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत
Mumbai House Ceiling Collapsed छत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। दमकल अधिकारियों के अनुसार यह हादसा रात 7 बजकर 45 मिनट पर हुआ। घटना मुलुंड के नानेपाड़ा स्थित दो मंजिला मोती छाया भवन की है।
मुंबई, एजेंसी। मुंबई में एक घर की छत गिर जाने से बड़ा हादसा हुआ है। राज्य के मुलुंड के उपनगरीय इलाके में सोमवार रात एक इमारत (House ceiling collapses in Mulund) की पहली मंजिल के मकान की छत का एक हिस्सा गिर गया। छत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। दमकल अधिकारियों के अनुसार यह हादसा रात 7 बजकर 45 मिनट पर हुआ। घटना मुलुंड के नानेपाड़ा स्थित दो मंजिला मोती छाया भवन की है।
20 से 25 साल पुरानी थी बिल्डिंग
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार की रात, पहली मंजिल की छत का एक हिस्सा गिर गया, जिससे पहली मंजिल के दो निवासी घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि बिल्डिंग लगभग 20-25 साल पुरानी थी और मुंबई नागरिक निकाय ने एक नोटिस भी जारी किया था।
अस्पताल ने घोषित किया मृत
इसके बाद दोनों घायलों को क्रिटिकल केयर अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान देवशंकर नथालाल शुक्ला (93) और अर्खिबेन देवशंकर शुक्ला (87) के रूप में हुई है।
जून में भी हुआ था ऐसा ही हादसा
बता दें कि जून महीने में भी ऐसा ही हादसा देखने को मिला था। मुंबई के कुर्ला पूर्व के नाइक नगर इलाके में चार मंजिला जर्जर इमारत गिरने से डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे में करीब दो दर्जन लोग घायल हुए थे। घटना में मरने वाले और घायल लोग ज्यादातर मजदूर, चौकीदार और दर्जी थे। यह बिल्डिंग 47 साल पुरानी थी, जिसे खाली करने का नोटिस दिया हुआ था। बिल्डिंग खाली न करने के चलते घटना के बाद पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था।