विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BMC की बड़ी लापरवाही, साकीनाका में खुले मैनहोल में गिरने से बुजुर्ग की मौत

Published: Thu, 02 Jul 2026 03:36 PM (GMT+05:30)

मुंबई में भारी बारिश के बीच साकीनाका में 60 वर्षीय बुजुर्ग असलम इसाक शेख खुले मैनहोल में गिर गए और उनकी मौत हो गई।

HighLights

  1. साकीनाका में 60 वर्षीय बुजुर्ग खुले मैनहोल में गिरे, मौत।

  2. मोबाइल पर बात करते समय ध्यान भटकने से हुआ यह हादसा।

  3. दहिसर में पुलिस ने नाले में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बचाया।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में जारी भारी बारिश के बीच साकीनाका के खैराणी रोड पर गुरुवार दोपहर करीब 12:26 बजे एक बेहद दुखद घटना घटी। यादव नगर के रहने वाले 60 वर्षीय असलम इसाक शेख सड़क से गुजर रहे थे। चश्मदीदों के मुताबिक, वह मोबाइल फोन पर बात करने में व्यस्त थे और इसी दौरान उनका ध्यान भटक गया और वह एक खुले मैनहोल में जा गिरे।

मिली जानकारी के अनुसार जिस वक्त यह हादसा हुआ, वहां तीन प्राइवेट कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी मैनहोल का ढक्कन हटाकर सफाई और मरम्मत का काम कर रहे थे।

बचाने की कोशिश हुई नाकाम

बुजुर्ग को गिरता देख कर्मचारियों ने तुरंत मैनहोल में सीढ़ी डाली, लेकिन बारिश के तेज बहाव के कारण वह बह गए। उनके हाथ में सिर्फ बुजुर्ग का छाता और चप्पल ही आ सकी।

ढाई घंटे बाद मिला शव

मुंबई फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने तुरंत तलाश शुरू की। दोपहर करीब 2:15 बजे बुजुर्ग का शव ड्रेनेज सिस्टम के अंदर मिला, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

दूसरा हादसा- दहिसर में नाले में फंसे शख्स की बची जान

एक तरफ जहां साकीनाका में मातम छा गया, वहीं दहिसर से राहत भरी खबर आई। यहां एक शख्स संदिग्ध हालातों में एक गहरे नाले के अंदर चला गया और पानी के तेज बहाव के बीच फंसकर घायल हो गया।

कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही दहिसर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पानी का बहाव बहुत तेज था और रास्ते में लोहे की एक जाली आ रही थी। पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए लोहे की जाली को काटा और नाले में घुसकर उस शख्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सुरक्षित निकालने के बाद घायल शख्स को तुरंत इलाज दिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसके परिवार का पता लगाकर उसे सही-सलामत अपनों के हवाले कर दिया।

प्रशासन की चेतावनी- सावधान रहें

गौरतलब है कि मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेहद सतर्क रहें। जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें और सड़कों पर चलते समय खुले नालों, मैनहोल और तेज बहाव वाले पानी से दूरी बनाकर रखें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।