महिला के सामने 'गंदी हरकत' करने वाला ऑटो रिक्शा चालक गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि वो मलाड में मॉर्निंग वॉक करने आई महिला को देखकर अश्लील हरकत कर रहा था। उसे आईपीसी की धारा 509 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
मुंबई, एजेंसी। मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने एक ऑटो रिक्शा चालक को एक महिला के सामने आपत्तिजनक हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ऑटो रिक्शा चालक महिला को देखकर अश्लील हरकत कर रहा था। पुलिस ने बताया कि वो मलाड में मॉर्निंग वॉक करने आई महिला को देखकर अश्लील हरकत कर रहा था। बांगड़ नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि महिला ने आरोपी राम नरेश यादव को सड़क किनारे ऐसा करते देखा।
बताया जा रहा है कि महिला ने आरोपी की फोटो क्लिक की और मुंबई पुलिस के ट्विटर अकाउंट पर भेज दी। महिला जब अगले दिन सुबह वॉक करने पहुंची तो राम नरेश यादव फिर अश्लील हरकत कर रहा था। महिला ने इस बार ऑटो ड्राइवर की नंबर प्लेट की फोटो क्लिक की और पुलिस को इसकी जानकारी दी। सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर शोभा पिसे ने कहा कि हमने उसे ट्रैक किया और आईपीसी की धारा 509 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी मुंबई से ऐसी ही एक और खबर आई थी। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने महिला के सामने कथित तौर पर आपत्तिजनक हरकत करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया था। घटना वाली रात आरोपी ने घर जा रही पीड़ित महिला को पहले बस स्टैंड से अपने ऑटो में खींचने की कोशिश की। लेकिन जब महिला ने उसके साथ जाने से मना किया तो आरोपी ने उसी के सामने कथित तौर पर गंदी हरकतें करना शुरू किया। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
यह भी पढ़ेंः ऑटो रिक्शा चालक और नगर निगम की महिला कर्मी के खाते से 2.14 लाख रुपये चुराए