मुंबई एयरपोर्ट का रनवे तीन घंटों के लिए रहेगा बंद, यात्रियों को हो सकती है परेशानी
यात्रियों को आज परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। एयरपोर्ट का मुख्य रनवे तीन घंटे के लिए बंद रखा जाएगा।
नई दिल्ली (एएनआइ)। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (मुंबई एयरपोर्ट) से यात्रा करने वाले यात्रियों को आज परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। एयरपोर्ट का मुख्य रनवे तीन घंटे के लिए बंद रखा जाएगा। खबरों के अनुसार इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) से संबंधित काम के चलते रनवे को बंद किया जा रहा।
मुख्य रनवे 2 बजे से 5 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान आने वाली और उड़ान भरने वाले विमानों के समय में भी बदलाव किया जा सकता है। दरअसल एयरपोर्ट के नेविगेशन एड स्विच को बंद कर दिया गया है, जिसकी वजह से विमानों को देरी हो रही थी। इसी सिलेसिले में रनवे पर काम हो रहा है, जिसकी वजह से रनवे 3 घंटे बंद रखा जाएगा।
मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्राइवेट लिमिटेड के प्रवक्ता ने कहा कि यह दुनिया का सबसे व्यस्त एकल रनवे हवाई अड्डा है। 20 जनवरी को उसने अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया था। उस दिन हवाई अड्डे पर 24 घंटे में 980 फ्लाइट का आगमन और लैंडिंग हुई थी। प्रवक्ता ने आगे कहा कि इससे पहले 6 दिसंबर को 974 विमानों की लैंडिग हुई थी।