हजरतबल में मुफ्ती-उमर मिले गले
ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को कश्मीर में भी धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने आपसी द्वेष को भुलाकर एक दूसरे को गले लगाया। इस दौरान हजरतबल दरगाह में मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी राजनीतिक प्रतिद्वंदिता को भुलाकर एक दूसरे को गले लगाया। किसी भी गड़बड़ी
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को कश्मीर में भी धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने आपसी द्वेष को भुलाकर एक दूसरे को गले लगाया। इस दौरान हजरतबल दरगाह में मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी राजनीतिक प्रतिद्वंदिता को भुलाकर एक दूसरे को गले लगाया।
किसी भी गड़बड़ी से निपटने के लिए पूरी वादी में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। सभी ईदगाहों, जियारतों और दरगाहों के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस व अर्धसैनिक बल तैनात थे। महिलाओं के लिए नमाज का अलग बंदोबस्त था। मस्जिदों और जियारतों में नमाजियों की भीड़ से माहौल पूरी तरह मजहबी था तो बाहर खोमचे वाले व खिलौने वालों की भीड़ से मेले जैसा माहौल बना हुआ था। वादी में ईद की सबसे बड़ी मजलिस डल झील के किनारे स्थित हजरतबल दरगाह में हुई। यहां लगभग साठ हजार के करीब लोग जमा हुए थे। दूसरी बड़ी मजलिस ईदगाह में हुई। यहां नमाज के लिए 40 हजार से ज्यादा लोग जमा हुए। अनंतनाग, बारामुला, सोपोर, त्राल, कुलगाम, शोपियां, पुलवामा, हंदवाड़ा, बडगाम, गांदरबल में भी हजारों की तादाद में नमाजियों ने नमाज पढ़ी ।