सोती हुई पत्नी की हत्या कर ओढ़ा दिया कंबल, सुबह मचाया शोर, जानें आगे क्या हुआ
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के कर्मचारी ने सोती हुई पत्नी के सिर पर चक्की का पाट पटककर हत्या कर दी और शव को कंबल ओढ़ा दिया। सुबह जब लोग जागे तो पत्नी की हत्या का आरोप किसी अज्ञात पर लगाते हुए हंगामा करने लगा
मुरैना, राज्य ब्यूरो। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के कर्मचारी ने सोती हुई पत्नी के सिर पर चक्की का पाट पटककर हत्या कर दी और शव को कंबल ओढ़ा दिया। सुबह जब लोग जागे तो पत्नी की हत्या का आरोप किसी अज्ञात पर लगाते हुए हंगामा करने लगा, लेकिन पुलिस के खोजी श्वान ने उसकी पूरी करतूत मय सबूत उजागर कर दी। यह वारदात मुरैना शहर के महावीपुरा बस्ती की है।
पति ने हाथ की चक्की के पाट से सिर फो़ड़कर की पत्नी की हत्या
महावीरपुरा की मथुरावाली गली में रहने वाली 45 वर्षीय शकुंतला गुप्ता का शव शनिवार सुबह बिस्तर पर मिला। उसका सिर फूटा हुआ था। हत्या की सूचना के बाद जब पुलिस पहुंची तो पति रामसेवक रोते हुए कहने लगा कि रात में कोई पत्नी को मार गया। इसके बाद एफएसएल टीम और खोजी श्वान बुलाया गया। खोजी श्वान ने पूरे घर में घूमने के बाद रामसेवक को ही पकड़ा। इसके बाद श्वान ने घर के दूसरे कमरे में खाट के नीचे रखे हाथ की चक्की के पाट को भी ढूंढ निकाला। उस पर खून लगा था। इसी पाट को सिर पर पटककर शकुंतला की हत्या की गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में रामसेवक को गिरफ्तार कर लिया।
दीवार पर सिर मारने लगा
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो रामसेवक रोते हुए अपना सिर दीवार पर मारने लग गया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। बस्ती के निवासियों ने बताया कि मृतका शकुंतला, रामसेवक की दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी की बीमारी के चलते करीब 27 साल पहले मौत हो गई थी।
विरोध करती थी शकुंतला
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि रामसेवक शराब के साथ गांजे की चिलम का भी शौकीन था। वह घर ही नशा करता था और आए दिन उसके पास सलमान खान नामक व्यक्ति कभी शराब तो कभी गांजा लाता था। इसके बदले में रामसेवक उसे रुपये भी देता था। मृतका शकुंतला, सलमान के रात में इस तरह घर पर आने का विरोध करती थी। शुक्रवार को शकुंतला अपने भाई के घर से आई थी, जिसके बाद दोनों में विवाद हुआ।