मप्र विस का मानसून सत्र शुरू, व्यापमं पर विपक्ष का जोरदार हंगामा
मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया। विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों ने व्यापमं घोटाले से संबंधित लोगों की रहस्यमय मौत को लेकर सदन में जोरदार हंगामा किया और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का इस्तीफा मांगा। वहीं सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा सदन में बचाव करती नजर आई।
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया। विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों ने व्यापमं घोटाले से संबंधित लोगों की रहस्यमय मौत को लेकर सदन में जोरदार हंगामा किया और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का इस्तीफा मांगा। वहीं सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा सदन में बचाव करती नजर आई।
इससे पहले विधानसभा में कांग्रेस के नेता सत्यदेव कटारे ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताराम शर्मा को पत्र लिखकर व्यापमं घोटाले से जुड़े सभी मृतकों को श्रद्धांजलि देने के साथ सत्र की शुरुआत करने की मांग की थी। लेकिन स्पीकर की तरफ से उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
दूसरी ओर, भाजपा ने अपने सभी मंत्रियों और विधायकों को विधानसभा के 31 जुलाई तक चलने वाले मानसून सत्र में उपस्थित रहने का व्हिप जारी किया है, ताकि व्यापमं घोटाले को लेकर कांग्रेस के सरकार पर किए जाने वाला हमला विफल किया जा सके।
भाजपा के एक विधायक ने कहा कि भाजपा के सभी विधायक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पक्ष में विधासनसभा में पूरी तरह से डटे रहेंगे। करोड़ों रुपये के इस घोटाले में कई जाने-माने पेशेवर, राजनीतिज्ञ और नौकरशाह आरोपी हैं।
यह घोटाला मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) से संबंधित है जिसके तहत प्री-मेडिकल टेस्ट (पीएमटी) दाखिले और शिक्षक, चिकित्सा अधिकारी, सिपाही और वनरक्षक जैसे विभिन्न पदों के लिए परीक्षाएं ली जाती हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआइ गत सोमवार से व्यापमं घोटाले की जांच कर रही है। सीबीआइ ने अब तक इस घोटाले में एक दर्जन से अधिक एफआइआर दर्ज की है।
व्यापमं घोटाले से जुड़ी तमाम खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें