बर्फबारी से लकदक हुए पहाड़, निचले इलाकों में बारिश, जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद, जानें कैसा रहेगा मौसम
पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में भी मौसम बदल गया है। भारी बर्फबारी के चलते जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद है। वहीं हिमाचल में पर्यटन स्थलों के गुलजार होने की उम्मीद बधी है। जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम और कहां जारी रहेगी बर्फबारी...
नई दिल्ली, जेएनएन। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तराखंड के चारधाम में जहां 12 घंटे लगातार बर्फ गिरने से दो फीट तक बर्फ जमा हो गई। जम्मू-कश्मीर में भी सोमवार को हुई भारी बर्फबारी के चलते जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद हो गया है। वहीं, हिमाचल में बर्फ गिरने से पर्यटन स्थल गुलजार होने की उम्मीद बंधने लगी है।
दिल्ली एनसीआर में बढेगी ठंड
रविवार को हुई बारिश एवं पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। यह इस सीजन का अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान है। हालांकि न्यूनतम तापमान में 4.6 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ सकती है।
चारधाम और कश्मीर में खूब गिरी बर्फ
उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली और पहाड़ों पर जमकर हिमपात हुआ। निचले स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश हो रही है। केदारनाथ के अलावा बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी जमकर बर्फबारी हुई। मसूरी के पास सुरकंडा, उत्तरकाशी के हर्षिल, देहरादून के चकराता क्षेत्र की पहाडि़यां भी बर्फ से लकदक हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से मौसम साफ रहेगा। हालांकि उच्च हिमालय में हल्की बर्फबारी के आसार हैं।
जम्मू-कश्मीर में लगातार तीसरे दिन बर्फबारी
जम्मू कश्मीर के ऊपरी इलाकों में सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी बर्फबारी जारी रही, जिससे जम्मू-श्रीनगर हाईवे समेत कई मार्ग बंद हो गए हैं। इससे वाहनों को सुरक्षित जगहों पर रोक दिया गया है। मौसम साफ होने पर गाडि़यों को मंगलवार हाईवे पर चलने की अनुमति दी जाएगी। वहीं कश्मीर में तापमान कई जगह सामान्य से नीचे बना हुआ है और मौसम विभाग ने हिमस्खलन की चेतावनी दी है।
हिमाचल के पर्यटन स्थल गुलजार
हिमाचल में रविवार देर शाम से शुरू हुई बारिश-बर्फबारी सोमवार को भी जारी रही। सीजन की पहली बर्फबारी से प्रदेश के पर्यटन स्थल गुलजार हो गए हैं। कोरोना के कारण थमे पर्यटन व्यवसाय को बर्फबारी से गति मिलने की उम्मीद है। पर्यटन स्थल मनाली, कुफरी, नारकंडा में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। लाहुल-स्पीति सहित कुल्लू, मंडी, चंबा और कांगड़ा जिला की चोटियों ने सफेद चादर ओढ़ ली है।
मनाली-लेह मार्ग पर आवाजाही बंद, जारी रहेगी बर्फबारी
दारचा घाटी में भी करीब आधा फीट हिमपात। बर्फबारी के बाद भी केलंग अटल टनल रोहतांग से मनाली से जुड़ा हुआ है। दूसरी ओर बारालाचा, लाचुंगका व तांगलांग ला में बर्फबारी होने से मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में उत्तराखंड समेत पश्चिमी हिमालय की पहाड़ियों पर बारिश या बर्फबारी जारी रह सकती है। 24 नवंबर से जम्मू-कश्मीर के अधिकांश इलाकों में बर्फबारी और बारिश की संभावना है।