मां ने सोते हुए बच्चों का कुल्हाड़ी से काटा गला, घर के बाहर फेंक दिए शव
एडिशनल एसपी प्रवीण भूरिया ने बताया कि बच्चों का पिता मुन्ना बैगा सुबह छह बजे शौच के लिए नदी की ओर गया था। इसी बीच मां गुड्डन बैगा ने वारदात को अंजाम दिया है।
शहडोल, जेेएनएन। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सोहागपुर थाना अंतर्गत वार्ड क्रमांक-1 कोनी क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना के तहत एक मां ने अपने सोते हुए दो बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। उनके शव घर के बाहर फेंककर खुद को घर में कैद कर लिया। मृतक बच्चों में 10 वर्षीय काजल बैगा और 5 वर्षीय राहुल बैगा हैं।
घटना रविवार सुबह करीब सात बजे की है। आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। एडिशनल एसपी प्रवीण भूरिया ने बताया कि बच्चों का पिता मुन्ना बैगा सुबह छह बजे शौच के लिए नदी की ओर गया था। इसी बीच मां गुड्डन बैगा (40) ने वारदात को अंजाम दिया।
लगभग आठ बजे जब पिता आया तो उसने घर के बाहर दोनों बच्चों के शव देखे और पुलिस को सूचना दी। पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह पिछले कई महीनों से अजीब हरकतें कर रही है।
पुलिस ने घर का छप्पर काटकर देखा तो आरोपित महिला सब्बल (खोदाई में उपयोग होने वाला उपकरण) लेकर बैठी हुई थी। पुलिस ने मुश्किल से उससे दरवाजा खुलवाया। महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
शहडोल के एडिशनल एसपी प्रवीण भूरिया ने बताया कि महिला ने अपने दो बच्चों को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया है। प्रारंभिक बयान में परिजन ने महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई है। मामले में जांच जारी है।