स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने पांच करोड़ शौचालय
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2 अक्टूबर 2014 को 'स्वच्छ भारत अभियान' की शुरुआत हुई थी। स्वच्छ भारत अभियान में भारत को 2019 तक स्वच्छ राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
नई दिल्ली, पीटीआइ। केंद्र सरकार ने सोमवार को राज्यसभा को बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत अब तक पांच करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाए गए हैं। पेयजल और स्वच्छता राज्य मंत्री आरसी जिगजिनागी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि 561.75 लाख शौचालय स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए हैं, जबकि 29.08 लाख शौचालय मनरेगा के तहत बनाए गए हैं। सात राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक खुले में शौच मुक्त घोषित किया जा चुका है।
सरकार ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन मांग आधारित योजना है और इसके तहत राज्यवार आवंटन नहीं किए गए हैं। राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों से इस योजना के तहत अब तक इस्तेमाल की गई और बची हुई राशि का विवरण देने के लिए कहा गया है। जिगजिनागी ने सदन को पिछले तीन वर्षो और इस वर्ष राज्यों को आवंटित राशि का भी विवरण दिया। उन्होंने कहा कि राज्यों के साथ नियमित बैठकों के जरिये केंद्र सरकार इस योजना की लगातार निगरानी करती रहती है।
स्वच्छ भारत अभियान का उद्देश्य
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2 अक्टूबर 2014 को 'स्वच्छ भारत अभियान' की शुरुआत हुई थी। स्वच्छ भारत अभियान में भारत को 2019 तक स्वच्छ राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य खुले में शौच से मुक्ति, घर-घर से कूड़ा इकट्ठा करना, स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूक करना है। ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालयों के निर्माण को अभियान की सफलता मान कर खूब प्रचारित किया गया। इस साल 2 अक्तूबर को स्वच्छ भारत अभियान की तीसरी वर्षगांठ मनाई गई।
यह भी पढ़ें: पीजीआइ के टायलेट में महिला ने दिया बच्ची को जन्म, मचा हड़कंप