केंद्र सरकार में 9.79 लाख से ज्यादा पद खाली, रेलवे में सबसे ज्यादा 2.93 लाख वैकेंसी
केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक महत्वपूर्ण सूचना दी है। भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में 9.79 लाख से ज्यादा पद खाली हैं। तो वहीं सबसे अधिक 2.93 लाख पद भारतीय रेलवे में खाली हैं। (फाइल फोटो)
नई दिल्ली, पीटीआई। केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक महत्वपूर्ण सूचना दी है। विभिन्न सरकारी नौकरियों की तैयारियां करने वाले प्रतिभागियों के लिए यह अहम और अच्छी खबर है। दरअसल भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में 9.79 लाख से ज्यादा पद खाली हैं। तो वहीं हैरत की बात यह है कि सबसे ज्यादा पद भारतीय रेलवे में खाली हैं।
रेलवे में खाली हैं 2.93 लाख पद
केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि एक मार्च, 2021 तक केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में 9.79 लाख से अधिक पद खाली हैं, जिनमें सबसे अधिक 2.93 लाख पद भारतीय रेलवे में खाली हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों की आवश्यकता के अनुसार, खाली पदों पर प्रतिभागियों की नियुक्तियां होंगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न खाली पदों पर लोगों की भर्तियां एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही होगी।
समय पर खाली पदों पर होंगी भर्तियां
केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक लिखित जवाब में कहा कि सरकार ने पहले ही सभी मंत्रालयों/विभागों को खाली पड़े पदों को समय पर भरने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। भारत सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे रोजगार मेलों से आगे रोजगार सृजन में उत्प्रेरक के रूप में कार्य करने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- Telangana: निजामाबाद जिले में बड़ा हादसा, कार पर गिरी खुदाई मशीन; तीन की मौत सहित चार घायल
किस विभाग में कितने पद हैं खाली
केंद्रीय मंत्री ने व्यय विभाग की वार्षिक रिपोर्ट की जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे विभाग के अलावा, रक्षा (सिविल) में 2.64 लाख पद खाली हैं। गृह मंत्रालय में 1.43 लाख पद खाली हैं, राजस्व विभाग में 80,243 पद रिक्त, भारतीय लेखापरीक्षा और लेखा विभाग में 25 हजार 934 पद रिक्त हैं। वहीं, परमाणु ऊर्जा विभाग में 9,460 पद खाली हैं।
यह भी पढ़ें-NCLAT से Google को नहीं मिली राहत, 30 दिनों में दिया 1337 करोड़ रुपये जुर्माना जमा करने का निर्देश