म्यांमार से मिजोरम पहुंचे 1200 से ज्यादा शरणार्थी
लावंगटाली जिले के उपायुक्त अरुण टी. ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
आइजोल, प्रेट्र। म्यांमार के अराकान प्रांत से करीब 1240 लोग शरण लेने के लिए मिजोरम के लावंगटाली जिले पहुंचे हैं। यह जानकारी शनिवार को अधिकारियों ने दी। हाल के महीने में चौथी बार म्यांमार के शरणार्थियों ने राज्य में प्रवेश किया है।
शुक्रवार को सीमा पार करने वाले लोगों में ज्यादातर बौद्ध और ईसाई हैं। ये लोग भी स्थानीय लोगों की तरह आदिवासियों की भाषा में बात कर रहे हैं। हाल ही में अराकान आर्मी के आतंकियों के साथ म्यांमार की सेना के टकराव के बाद ये लोग अपने घरों से भागने पर मजबूर हुए हैं।
लावंगटाली जिले के उपायुक्त अरुण टी. ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इलाके में असम राइफल्स और राज्य पुलिस को तैनात कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने भोजन और दवाओं की व्यवस्था कर दी है।
अपना नाम जाहिर नहीं होने देने की शर्त पर सरकारी अधिकारियों ने बताया कि लैटलांग गांव में करीब 500 लोगों ने शरण ली है। इसके अलावा जोचाच्छुआ, हमवंगबुच्छुआ और दुमजाउतलांग गांवों में क्रमश: 420, 200 और 120 लोगों ने शरण ली है।
यह भी पढ़ें: म्यांमार लौट रहे रोहिंग्या शरणार्थियों को लेकर मानवाधिकार संगठनों ने जताई चिंता