Monsoon in Kerala : इस साल केरल में देरी से पहुंचेगा मानसून, हो सकती है चार दिन की देरी
इस वर्ष केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत 1 जून की सामान्य तारीख की तुलना में थोड़ी देर से होने की संभावना है।
नई दिल्ली, एएनआइ। चिलचिलाती धूप से राहत की उम्मीद कर रहे, लोगों को बरसात का अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। इस वर्ष केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत 1 जून की सामान्य तारीख की तुलना में थोड़ी देर से होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, ± 4 की मॉडल त्रुटि के साथ केरल में इस वर्ष मानसून की शुरुआत 5 जून को होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून दक्षिणी राज्य में पांच जून तक आएगा। केरल में मानसून आने के साथ देश में चार महीने के बरसात के मौसम की आधिकारिक शुरुआत हो जाती है। वैसे मानसून को लेकर मौसम विभाग का अनुमान पिछले 15 सालों में सिर्फ 2005 को छोड़ दें, तो गलत नहीं रहा है। पिछले साल मौसम विभाग ने अनुमान लगाया था कि केरल में मानसून 6 जून तक आएगा। मानसून 2 दिनों बाद 8 जून को केरल पहुंच गया था। वहीं, 2018 में तो मौसम विभाग ने जिस तारीख 29 मई को मानसून के केरल पहुंचने का अनुमान लगाया था, उसकी दिन पहुंचा। इसलिए इस बार भी मानसून के 5 जून के आसपास पहुंचने की पूरी संभावना है।
मानसून के केरल में कुछ दिन देरी से पहुंचने का अनुमान जरूर लगाया जा रहा है, लेकिन बताया जार हा है कि इस साल 100 फीसद बारिश का पूर्वानुमान है। ये कृषि अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि देश में सालाना होने वाली बारिश का 75 फीसद इसी मानसून से होती है। ऐसे में रिकॉर्ड उत्पादन की संभावना है। लॉकडाउन के दौरान परेशानी का सामना कर रहे किसानों के लिए ये बेहद सुकून देने वाली खबर है।