48 घंटे में उत्तर और मध्य भारत तक पहुंच जाएगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि मध्य और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से तापमान फिर बढ़ने लगा है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को बताया कि मानसून शनिवार से फिर सक्रिय हो गया है। यह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। अगले 48 घंटे में यह मध्य और उत्तर भारत तक पहुंच जाएगा। अब तक देश के 25 फीसद से कम हिस्से में सामान्य या अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि देश में समग्र तौर पर सामान्य से 10 फीसद कम बारिश दर्ज हुई है।
मौसम विभाग का कहना है कि मध्य और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से तापमान फिर बढ़ने लगा है। अगले दो-तीन दिन में होने वाली बारिश से इससे राहत मिलने की संभावना है। विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी भारत में 27 जून से मानसून-पूर्व मेघ गर्जना के साथ आंधी चलेगी और बारिश होगी। उन्होंने बताया कि 23 जून से फिर सक्रिय हुआ मानसून रविवार को गुजरात के सौराष्ट्र, वीरावल, अहमदाबाद, महाराष्ट्र के अमरावती व देश के पूर्वी हिस्से बंगाल व असम में सक्रिय रहा।
48 घंटे में यहां होगी बारिश
ओडिशा के शेष हिस्से व बंगाल, गुजरात व मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र के बाकी क्षेत्रों और पूर्वी उत्तर प्रदेश।
दिल्ली में 29 को दस्तक
- इस बार बार मानसून ने एक जून की सामान्य तिथि की बजाय तीन दिन पहले 29 मई को ही केरल में दस्तक दे दी थी।
- लेकिन राजधानी दिल्ली में मानसून तय तिथि 29 जून को ही दस्तक देगा।
- केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र व दक्षिण गुजरात में मानसून पहुंच चुका है।