मुंबई में पूरे 20 किलोमीटर पर आज से तीन डिब्बों के साथ दौड़ेगी मोनोरेल
मोनोरेल सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक चलेगी एवं कुल 18 स्टेशनों पर रुकेगी। इससे यात्रियों की 90 मिनट से अधिक समय में पूरी होने वाली दूरी अब 25-30 मिनट में पूरी हो सकेगी।
मुंबई, राज्य ब्यूरो। मुंबई में सोमवार से पूरे 19.54 किलोमीटर पर मोनोरेल का परिचालन शुरू हो जाएगा। प्रतिदिन करीब एक लाख लोग इसका लाभ उठा सकेंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने रविवार को मुंबई मोनोरेल परियोजना के दूसरे चरण का उद्घाटन किया। इसके अलावा मध्य रेलवे के उपनगरीय स्टेशन परेल पर रविवार को एक नए लोकल ट्रेन टर्मिनस का भी उद्घाटन मुख्यमंत्री ने किया।
मुंबई देश का एकमात्र शहर है, जहां उपनगरीय ट्रेन और मेट्रो के साथ-साथ मोनोरेल का भी परिचालन होता है। अब तक मोनोरेल का 8.26 किलोमीटर दूरी वाला प्रथम चरण ही चालू था। जबकि नौ नवंबर, 2017 को मोनोरेल के दो डिब्बों में आग लग जाने के कारण इस प्रथम चरण की सेवा भी करीब दस माह तक स्थगित रखी गई थी।
11.28 किलोमीटर दूरी वाला दूसरा चरण शुरू होने के बाद अब पूरे 19.54 किलोमीटर लंबे रूट पर चेंबूर से सात रास्ता चौराहे तक मोनोरेल चल सकेगी। इससे मुंबई के पूर्वी हिस्से से महालक्ष्मी एवं दक्षिण मुंबई की ओर जानेवाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। फिलहाल मोनोरेल सिर्फ तीन डिब्बों के साथ प्रत्येक 22 मिनट पर चलाई जा रही है, लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसके डिब्बों एवं फेरों में बढ़ोतरी की जाएगी।
मोनोरेल सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक चलेगी एवं कुल 18 स्टेशनों पर रुकेगी। इससे यात्रियों की 90 मिनट से अधिक समय में पूरी होने वाली दूरी अब 25-30 मिनट में पूरी हो सकेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री फड़नवीस ने रविवार को रेलमंत्री पीयूष गोयल के साथ मध्य रेल की उपनगरीय सेवा के लिए परेल में एक नए टर्मिनस की भी शुरुआत की। परेल में नया उपनगरीय रेल टर्मिनस शुरू होने के बाद यहां से लोकल ट्रेनें बनकर चलेंगी और कामकाज के सिलसिले में मध्य मुंबई तक आनेवाले यात्रियों को इससे काफी सुविधा होगी।
बता दें कि 1990 तक यह इलाका कपड़ा मिलों की बहुतायत के लिए जाना जाता था, लेकिन अब कपड़ा मिलें बंद हो चुकी हैं। कपड़ा मिलों की जमीनों पर बड़ी संख्या में कार्यालय और मॉल खुल गए हैं। इन कार्यालयों में काम करने वालों को अब तक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से भरकर आनेवाली ट्रेनों में ही सफर करना पड़ता था।
परेल में नए टर्मिनस की शुरुआत के बाद इस क्षेत्र में काम करने वाले मध्य रेल के यात्रियों का सफर काफी आसान हो जाएगा। परेल में यह नया टर्मिनस शुरू करने का निर्णय अक्टूबर 2017 में एल्फिंस्टन रोड स्टेशन पर हुई भगदड़ के बाद लिया गया था। पश्चिम रेलवे के एल्फिंस्टन रोड स्टेशन का नाम अब प्रभादेवी किया जा चुका है। इसके बिल्कुल बगल का मध्य रेल का स्टेशन परेल है। इस टर्मिनस से प्रतिदिन 16 लोकल ट्रेनें रवाना होंगी।