सूखाग्रस्त कर्नाटक को 1,782 करोड़ व उत्तराखंड को 209 करोड़ रुपये का आवंटन
सूखाग्रस्त कर्नाटक व बाढ़ प्रभावित उत्तराखंड को राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से मदद के लिए राशि आवंटित की गयी है।
नई दिल्ली (प्रेट्र)। केंद्र ने आज राष्ट्रीय आपदा राहत कोष के तहत सूखाग्रस्त कर्नाटक और बाढ़ की चपेट में आने वाले उत्तराखंड की मदद के लिए राशि आवंटित की। कर्नाटक के लिए 1,782 करोड़ रुपये और 2013 में बाढ़ के कारण उत्तराखंड को 209 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय कमेटी ने यह निर्णय लिया। कमेटी ने हर राज्य का दौरा करने वाली अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम की रिपोर्ट के आधार पर प्रस्ताव का सर्वेक्षण किया था। कमेटी ने राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम व राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से मिलने वाली सहायता पर मुहर लगायी।
नीति आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद पानागरिया, गृह सचिव राजीव महर्षि व गृह मंत्रालय, वित्त मंत्रालय और कृषि मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बैठक में हिस्सा लिया। कर्नाटक सरकार ने राज्य में सूखा के कारण 2016 में खरीफ फसलों के नुकसान के लिए केंद्र से 4,702 करोड़ रुपये की मांग की थी। यहां पिछले 6 सालों से गंभीर तौर पर सूखा देखा जा रहा है। 2016-17 में तो यह पिछले 40 सालों का रिकार्ड पार कर गया। 176 में से 139 तालुक को सूखाग्रस्त घोषित किया गया।
विचित्र प्रथा: बारिश देवता हो खुश, नंगे बदन घूमा लड़का
उत्तराखंड: बरसाती नाले की चपेट में आए बाइक सवार दो युवक, एक की मौत