'पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय हैं मोजतबा खामेनेई', ईरानी राजनयिक ने बताया परदे के पीछे से काम करने की वजह
ईरानी राजनयिक अब्दुल माजिद हकीम इलाही ने दावा किया है कि सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय ...और पढ़ें

मोजतबा खामेनेई पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय (फाइल फोटो)
HighLights
ईरानी राजनयिक ने मोजतबा खामेनेई के स्वस्थ होने का दावा किया।
सुरक्षा कारणों से वह सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आ रहे हैं।
पिता की मृत्यु के बाद से पर्दे के पीछे से काम कर रहे हैं।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की सेहत और उनके सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने को लेकर जारी अटकलों के बीच एक ईरानी राजनयिक ने दावा किया है कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और सक्रिय रूप से कामकाज संभाल रहे हैं।
राजनयिक अब्दुल माजिद हकीम इलाही के मुताबिक, पिछले सप्ताह मोजतबा के साथ करीब सात घंटे लंबी बैठक हुई थी। इसमें राष्ट्रपति और सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। इलाही ने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि मोजतबा की सेहत अच्छी है और वह प्रभावी ढंग से काम कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ अन्य लोगों ने उनसे मुलाकात की है। संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गलीबाफ भी जल्द उनसे मिलने वाले हैं। अंतिम संस्कार में शामिल होने का भी दावामोजतबा खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमले में अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत परिवार के कई सदस्यों की मौत के बाद से सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं।
खबरों के मुताबिक, वह उस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए थे। पिता की मौत के बाद उन्हें ईरान का सर्वोच्च नेता बनाया गया। इलाही ने कहा कि सुरक्षा कारणों से मोजतबा मीडिया के सामने नहीं आए। उन्होंने दावा किया कि मोजतबा ने जुलाई में अपने पिता के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रमों में चुपचाप हिस्सा लिया था। उस समय वह खुद भी ईरान में मौजूद थे।
इलाही के अनुसार, मोजतबा रात में सड़कों पर भी निकलते थे और लोगों के साथ प्रदर्शनों में शामिल होते थे।
परदे के पीछे से चला रहे हैं सरकार
मोजतबा के लगातार सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने से उनकी वास्तविक स्थिति और शासन में उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ईरानी अधिकारियों और अन्य सूत्रों के हवाले से आई खबरों में कहा गया है कि वह सुरक्षा कारणों से परदे के पीछे रहकर काम कर रहे हैं।
बताया गया है कि रोजमर्रा के प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारियां करीबी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई हैं, जबकि अहम फैसलों पर उनका नियंत्रण बना हुआ है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने 21 जुलाई को कहा था कि सर्वोच्च नेता के साथ उनकी बातचीत लगातार बढ़ रही है।
हालांकि, अगस्त की शुरुआत में उन्होंने उनसे संपर्क करना मुश्किल बताया था। मई में भी पेजेश्कियान ने मोजतबा के साथ कई घंटे तक बैठक होने की बात कही थी।
