पीएम के गुजरात दौरे के दौरान लगे 'मोदी नहीं जाएंगे' के नारे, कांग्रेस ने कसा तंज
गुजरात के बनासकांठा में प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान "मोदी नहीं जाएंगे" के नारे लगे, जिस पर कांग्रेस ने तंज कसा।

पीएम मोदी के गुजरात दौरे पर लगे 'मोदी नहीं जाएंगे' के नारे

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गुजरात के बनासकांठा में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर के एक कैटल फार्म के दौरे के दौरान एक घटनाक्रम ने सबको हैरान कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब छात्रों के एक समूह से बातचीत कर रहे थे, तब वहां मोदी नहीं जाएंगे के नारे गूंज उठे।
यह नारे तब लगाए गए जब पीएम मोदी वहां मौजूद लोगों के साथ ग्रुप फोटो खिंचवा रहे थे और उनके बातचीत कर रहे थे। 'मोदी नहीं जाएंगे' नारे के जवाब में कांग्रेस ने निशाना साधते हुए कहा, कहीं नहीं जाएंगे, आपकी मर्जी।
पवन खेड़ा ने साधा निशाना
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने तंज कसते हुए कहा, आपकी मर्जी। अभी तो बॉस संसद भी नहीं जा रहे हैं। संसद सत्र शुरू होने दीजिए, फिर आप देखेंगे कि वे देश और दुनिया छोड़कर भागने की कितनी जल्दी में होंगे।
बता दें कि यह घटना कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान के कुछ दिनों बाद हुई है। खरगे ने पिछले दिनों अपने बयान में कहा था, मोदी का बाप भी जाएगा।
पीएम मोदी का गुजरात दौरा
पीएम मोदी ने शुक्रवार को भिलडी स्थित केंद्र का दौरा किया। 127 एकड़ में फैली यह फैसिलिटी कांकरेज नस्ल के मवेशियों की ब्रीडिंग और जेनेटिक्स में सुधार पर केंद्रित है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उन्नत प्रजनन तकनीकों को बढ़ावा देने की व्यवस्था है, जिससे नस्ल सुधार की गति 10-20 गुना तक बढ़ने की उम्मीद है।
वहीं पीएम मोदी ने राज्य में 14,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी। उन्होंने पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त भी जारी की, जिसके तहत 19 हजार करोड़ रुपये वितरित किए गए।
राज्य के डेयरी क्षेत्र में भी दो बायो-सीएनजी प्लांट लगाए जाएंगे, जिनका संचालन बनास डेयरी द्वारा थराद और राधनपुर में किया जाएगा। इन प्लांटों में हर दिन 75 मीट्रिक टन और 100 मीट्रिक टन पशु गोबर को प्रोसेस किया जाएगा।
वहीं बच्चों की देखभाल के बुनियादी ढांचे के तहत, 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्र बनाने की योजना है, जबकि 361 केंद्रों का काम पूरा हो चुका है जिनका उद्घाटन किया जाएगा। 800 करोड़ रुपये की इस पहल से चार लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही पीएम मोदी एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत विकसित 521 परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। लगभग 4,950 करोड़ रुपये की कुल लागत वाली इन परियोजनाओं में कोल्ड स्टोरेज सुविधाएं, गोदाम, साइलो, ग्रीनहाउस और इंटीग्रेटेड प्रोसेसिंग यूनिट शामिल हैं।
अन्य पहलों में सनादार में आलू प्रोसेसिंग प्लांट का विस्तार और पालनपुर में अल्ट्रा हाई टेम्परेचर उत्पादों के लिए एक स्वचालित स्टोरेज और रिट्रीवल सिस्टम शामिल है।
