MNS प्रमुख राज ठाकरे ने फिर किया उत्तर भारतीयों का विरोध
एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने कहा है कि वह उत्तर भारत से आए प्रवासी लोगों के विरोध के अपने रुख पर दृढ़ता से कायम हैं।
मुंबई, प्रेट्र : बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव नजदीक आते ही महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने उत्तर भारतीय विरोध कार्ड खेला है। एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने कहा है कि वह उत्तर भारत से आए प्रवासी लोगों के विरोध के अपने रुख पर दृढ़ता से कायम हैं।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्रवासियों के लिए नौकरियों में आरक्षण के एजेंडे से वह हटे नहीं हैं। उनका आरोप है कि बाहरी लोगों (गैर महाराष्ट्रवासियों) ने उनकी नौकरियां छीन ली हैं। मौजूदा समय में राज ठाकरे राजनीतिक अस्तित्व बचाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। एक दशक पहले 'मराठी मानुस' का नारा देकर वह शिवसेना से अलग हो गए थे। इसके बाद वह बार-बार प्रवासी मुद्दा उठाते रहे हैं।
फेसबुक पर प्रसारित की गई मीडिया से बातचीत में एमएनएस प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य के सभी 10 नगरनिगमों का चुनाव लड़ेगी। वर्तमान में एमएनएस के पास नासिक नगर निगम है। उन्होंने भाजपा पर दोहरी बात कहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा और शिवसेना बीएमसी की सत्ता में साझेदार हैं। फिर भी भाजपा भ्रष्टाचार को लेकर नगर निगम की निंदा करती है।
यह भी पढ़ें: क्या महाराष्ट्र में समानांतर सरकार चला रहे राज ठाकरे: कांग्रेस