एमएलसी चुनाव: उत्तर प्रदेश एमएलसी चुनाव में भाजपा का दबदबा, बिहार में हुआ उलटफेर; बनारस में सपा छाई
उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की विधान परिषद (एमएलसी) की 28 सीटों पर हुए चुनाव के परिणामों में अब तक सात सीटों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं।

एमएलसी चुनाव: उत्तर प्रदेश एमएलसी चुनाव में भाजपा का दबदबा
HighLights
मेरठ में शिक्षक और स्नातक दोनों व बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक सीट पर भाजपा विजयी
वाराणसी में शिक्षक सीट पर सपा का कब्जा, आगरा में सपा प्रत्याशी आकाश ने बनाई बढ़त
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की विधान परिषद (एमएलसी) की 28 सीटों पर हुए चुनाव के परिणामों में अब तक सात सीटों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं।
विधान सभा चुनाव से पूर्व उत्तर प्रदेश में सेमीफाइनल माने जा रहे एमएलसी चुनाव में 11 सीटों में से अब तक तीन पर भाजपा ने जीत हासिल की है, जबकि सपा को एक सीट पर जीत मिली। वाराणसी में सपा ने शिक्षक एमएलसी की सीट पर विजय हासिल की।
वहीं, बिहार में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय राहुल राज ने जीत दर्ज की है। वहीं, कर्नाटक में भाजपा के सहयोगी दल जेडी (एस) ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सत्तारूढ़ दल कांग्रेस से छीन लिया है। खबर लिखे जाने तक महाराष्ट्र की चारों सीटों पर मतगणना जारी है।
उत्तर प्रदेश में 11, बिहार में आठ, महाराष्ट्र में पांच और कर्नाटक में चार सीटों पर हुए चुनावों की मतगणना हो रही है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटें में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं, जबकि बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना हो रही है। वहीं, कर्नाटक में चार सीटें हैं, जिसमें दो स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
महाराष्ट्र में स्नातक की तीन और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की दो सीटों पर भी मतगणना जारी है।उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन खंड मेरठ के चुनाव में लगातार दूसरी बार दोनों सीटों पर भाजपा ने भारी अंतर के साथ जीत दर्ज की है।
खास बात यह है कि दोनों सीटों पर भाजपा ने वर्तमान एमएलसी को ही चुनाव लड़ाया था। शिक्षक सीट पर श्रीचंद शर्मा ने सपा प्रत्याशी नितिन तोमर को जबकि स्नातक सीट पर दिनेश गोयल ने सपा के प्रमेंद्र भाटी को हराया है।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डा. हरी सिंह ढिल्लो ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर को हराया। उधर, अन्य केंद्रों में मतगणना जारी है।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक व स्नातक कोटे की 11 सीटों पर अंतिम तस्वीर तो बुधवार तक ही साफ होने की उम्मीद है। पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। कुल 152 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। मंगलवार सुबह शुरू हुई मतगणना में कहीं भाजपा प्रत्याशियों ने शुरुआती दौर में बढ़त बनाई तो कहीं सपा प्रत्याशियों ने दम दिखाया।
हालांकि, मतगणना की धीमी रफ्तार ने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का इंतजार बढ़ा दिया है। लखनऊ से लेकर आगरा और झांसी तक कई केंद्रों पर मतपत्रों की गड्डियां बनाने में ही घंटों लग गए। स्नातक सीट से सपा प्रत्याशी कांति सिंह ने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
उनका आरोप था कि मतपत्रों के बंडलों में निर्धारित संख्या से अधिक मतपत्र मिले हैं। आगरा में भी पहले चक्र की गणना के बाद देरी को लेकर हंगामा हुआ। कुछ स्थानों पर सपा प्रत्याशियों ने जानबूझकर मतगणना में देरी कराने के आरोप लगाए।
बिहार में भाजपा ने भाकपा से छीनी सीट
बिहार विधान परिषद की चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की, भाजपा ने यह सीट भाकपा से छीन ली। जबकि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय राहुल राज ने जदयू उम्मीदवार आनंद पुष्कर को 1815 मतों से पराजित किया है।
शुरुआती रुझानों में दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज पार्टी के सुरेश प्रसाद राय कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा से आगे चल रहे हैं। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के प्रो. एनके यादव आगे चल रहे थे।
टना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम में बड़ा उलटफेर हुआ है। राजद के प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के दिग्गज प्रत्याशी नवल किशोर यादव को 1057 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना मंगलवार शाम करीब छह बजे शुरू हुई, जबकि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भी मतों की गिनती जारी थी।
कर्नाटक में जद (एस) व भाजपा को एक-एक सीट, दो सीटों पर भाजपा आगे
कर्नाटक में कांग्रेस को झटका देते हुए भाजपा के सहयोगी दल जेडी (एस) ने मंगलवार को बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सत्तारूढ़ दल कांग्रेस से छीन लिया। वहीं, भाजपा अन्य तीन विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही थी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जेडी (एस) उम्मीदवार एपी रंगनाथ ने दोबारा चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य पुट्टन्ना को 908 वोटों से हराया।
इसी तरह, उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य और दोबारा चुनाव लड़ रहे शशिल जी.नमोशी ने कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर को हरा दिया।
ताजा जानकारी के अनुसार, दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार के.एम. सुरेश कांग्रेस उम्मीदवार शशि हुलिकुंटे मट से आगे चल रहे थे। पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य एसवी संकनूर भी कांग्रेस उम्मीदवार मोहन लिंबिकाई से आगे चल रहे थे।
