इस सप्ताह पड़ सकती है धुंध, बढ़ सकता है प्रदूषण
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव राजधानी में कम होगा जिससे तापमान में भी कमी के संकेत हैं।
जागरण संवाददाता,नई दिल्ली : राजधानी में खिली धूप और तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी है। हवाओं की गति भी तेज होने के कारण प्रदूषण के स्तर में कमी दर्ज की जा रही है। लेकिन इस सप्ताह धुंध और कोहरा का असर बढ़ सकता है यही नहीं प्रदूषण के स्तर में भी बढ़ोतरी के संकेत हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव राजधानी में कम होगा जिससे तापमान में भी कमी के संकेत हैं। यही नहीं धुंध और कोहरा पड़ने से दृश्यता के स्तर में भी कमी हो सकती है। हवाओं की गति कम होने से एक बार फिर प्रदूषण बढ़ सकता है। मंगलवार से अधिकतम और न्यूनतम तापमान कम या सामान्य हो सकता है। शनिवार की अपेक्षा रविवार को राजधानी में अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई हालांकि दोनों तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किये गए।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान रिज में 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सबसे अधिक न्यूनतम तापमान स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर अधिकतम 67 तथा न्यूनतम स्तर 19 फीसद दर्ज किया गया। विभिन्न इलाकों में प्रदूषण का स्तर शनिवार की अपेक्षा कम दर्ज किया गया। हालांकि पूर्व की भांति आनंद विहार में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया और 443 दर्ज किया गया। जबकि कई जगहों पर यह स्तर 280 से कम दर्ज किया गया।