Monsoon Forecast : पहली जून से केरल में सक्रिय हो सकता है दक्षिण-पश्चिम मानसून
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने कहा है कि केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत पहली जून से हो सकती है। केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
नई दिल्ली, एएनआइ। दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्वी-मध्य अरब सागर के ऊपर 31 मई से 4 जून के दौरान एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने कहा है कि ये स्थितियां दिखाती हैं कि केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत पहली जून से हो सकती है। वहीं भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department, IMD) ने कहा है कि केरल में पहली जून से दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
A low pressure area is likely to form over southeast & adjoining east-central Arabian Sea during 31st May to 4th June. In view of this, conditions are very likely to become favourable from 1st June for onset of southwest Monsoon over Kerala: Ministry of Earth Sciences pic.twitter.com/UbwwzLyoxU
— ANI (@ANI) May 28, 2020
मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल
मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में यह भी कहा गया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून मालदीव-कोमोरिन क्षेत्र के कुछ हिस्सों, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और अंडमान सागर एवं अंडमान निकोबार द्वीप समूह के शेष हिस्सों में आगे बढ़ा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून और आगे ही बढ़ता जाएगा क्योंकि अगले 48 घंटों के दौरान मालदीव-कोमोरिन क्षेत्र के कुछ और हिस्सों में इसके लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। यह केरल में मानसून के दाखिल होने और बरसात के मौसम की शुरुआत के लिए शुभ संकेत है।
सक्रिय हो रहा एक और पश्चिमी विक्षोभ
मालूम हो कि जैसे जैसे मानसून उत्तर की ओर बढ़ता है चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत मिलती है। वहीं मौसम का हाल बताने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर ने कहा है कि उत्तर भारत की तरफ भी एक पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है जो उत्तरी अफगानिस्तान और आसपास के भागों पर मौजूद है। यह नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी राज्यों में बारिश की गतिविधियों को बढ़ाएगा। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी और गरज चमक के साथ हल्की बारिश के आसार हैं।
इन क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट
स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, केरल, दक्षिणी-आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में प्री-मॉनसून की बारिश जारी रहेगी। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह और लक्षद्वीप पर भारी बारिश हो सकती है। जबकी देश के दूसरे हिस्सों हरियाणा, दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और आंतरिक महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहने के साथ मौसम शुष्क रहेगा।