मिल्खा सिंह ने चैरिटी के लिए दान किए अपने जूते
'फ्लाइंग सिख' के नाम से मशहूर महान भारतीय धावक मिल्खा सिंह ने बॉलीवुड अभिनेता राहुल बोस को चैरिटी के लिए अपने जूते दान किए हैं। ये वही जूते हैं जिनको पहनकर मिल्खा 1960
मुंबई। 'फ्लाइंग सिख' के नाम से मशहूर महान भारतीय धावक मिल्खा सिंह ने बॉलीवुड अभिनेता राहुल बोस को चैरिटी के लिए अपने जूते दान किए हैं। ये वही जूते हैं जिनको पहनकर मिल्खा 1960 के रोम ओलंपिक की दौड़ में कांस्य पदक जीतने से महरुम रह गए थे। वह चार सौ मीटर की दौड़ थी और मिल्खा की एक सेकेंड की गलती ने उनके मन में हमेशा के लिए ओलंपिक पदक न जीत पाने की टीस छोड़ दी। जबकि उससे पहले ही फ्रांस में चार सौ मीटर की दौड़ को 45.8 सेकेंड में पूरा कर वह दूसरा विश्व रिकॉर्ड बना चुके थे।
अपने सारे पदक सरकारी संग्रहालय को दे चुके मिल्खा ने उनके पुराने जख्म को हरा कर देने वाले इन जूतों को भी खुद से अलग कर दिया है। उन्होंने राहुल को हाल ही में चंडीगढ़ स्थित अपने घर पर बुलाया था। राहुल चैरिटी के लिए खेल जगत और खिलाड़ियों से जुड़ी चीजों की 11 फरवरी को नीलामी करने जा रहे हैं। इस नीलामी का नाम है 'इक्वेशन'।
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान अजीत पाल सिंह ने राहुल की मुलाकात मिल्खा से कराई थी। मिल्खा ने उन्हें बताया कि वह रोज स्कूल आने जाने के लिए पैदल 20 किमी चलते थे। विभाजन के दौरान उनके माता-पिता की हत्या कर दी गई थी। उसके बाद वह काफी कठिन दौर से गुजरे और आगे चलकर सेना में भर्ती हो गए।
राहुल ने बताया कि मैंने उनसे नीलामी में रखने के लिए उनकी रोम ओलंपिक की कोई तस्वीर देने को कहा तो उनका जवाब था कि उनके पास ऐसी कोई फोटो नहीं है। उसके बाद अचानक से वह अपने कमरे में गए और एक जोड़ी जूते लाकर मुझे दिए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर