बाल यौन शोषण विज्ञापन मामला: NCPCR के समक्ष एक हफ्ते में दूसरी बार पेश हुए मेटा इंडिया के शीर्ष अधिकारी
बाल यौन शोषण सामग्री विज्ञापनों के मामले में मेटा इंडिया के अधिकारी एनसीपीसीआर के सामने दूसरी बार पेश हुए।

दूसरी बार पेश हुए मेटा इंडिया के शीर्ष अधिकारी।
HighLights
मेटा इंडिया अधिकारी बाल यौन शोषण विज्ञापन मामले में एनसीपीसीआर के सामने पेश।
एक हफ्ते में दूसरी बार हुई पेशी, मीडिया रिपोर्ट के बाद कार्रवाई।
मेटा अब बाल सुरक्षा मामले सीधे भारतीय आइ4सी पोर्टल को रिपोर्ट करेगा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बच्चों की मासूमियत और उनकी सुरक्षा से जुड़ा एक बेहद संवेदनशील मामला इन दिनों देश भर में चिंता का विषय बना हुआ है।
फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर बाल यौन शोषण सामग्री से जुड़े विज्ञापनों के मामले में बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) के समक्ष मेटा इंडिया के प्रमुख अरुण श्रीनिवास और उनके शीर्ष अधिकारियों को एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार पेश होना पड़ा।
यह पूरी कड़ाई तब शुरू हुई जब एक मीडिया रिपोर्ट (बीबीसीआई) में बच्चों से जुड़े इन आपत्तिजनक विज्ञापनों का खुलासा हुआ, जिस पर आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया। हालांकि बैठक के बाद अधिकारियों ने मीडिया के सवालों पर चुप्पी साधे रखी, लेकिन सूत्रों के अनुसार उन्होंने मंत्रालय के सामने रखा अपना पुराना पक्ष ही दोहराया।
इस संवेदनशील माहौल के बीच एक सकारात्मक बदलाव यह आया है कि कड़े सरकारी रुख के बाद मेटा ने अब अमेरिका स्थित नेशनल सेंटर फार मिसिंग एंड एक्सप्लाइटेड चिल्ड्रेन (एनसीएमईसी) के बजाय सीधे भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आइ4सी) के पोर्टल पर बाल सुरक्षा मामलों की रिपोर्ट करने का महत्वपूर्ण फैसला किया है।
कंपनी ने बच्चों की सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अपराधियों को सजा दिलाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
