कश्मीर से दिखा सूरज और पृथ्वी के बीच से गुजरता बुध
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने इस संयोग को छात्राओं के एक समूह के साथ कश्मीर विश्वविद्यालय के परिसर से सीधे प्रसारण के जरिए देखा।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर सोमवार शाम बुध ग्रह को सूरज और पृथ्वी के बीच से गुजरने के खगोलीय संयोग का गवाह बना। यह संयोग शाम 4:41 से रात 8:30 बजे तक रहा। हालांकि मौसम खराब होने की वजह से इसे सीधे नहीं देखा जा सका। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने इस संयोग को छात्राओं के एक समूह के साथ कश्मीर विश्वविद्यालय के परिसर से सीधे प्रसारण के जरिए देखा।
इस दौरान शिक्षा मंत्री नईम अख्तर, कश्मीर विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रो. खुर्शीद इकबाल अंद्राबी और एस्ट्रोनामिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष प्रो. अजीत कंभेरी के अलावा कई अंतरिक्ष वैज्ञानी भी मौजूद रहे।
प्रो. अजीत कंभेरी ने बताया कि आज सूरज, बुध और पृथ्वी में लगभग सही संरेखन है। ऐसा संयोग एक सदी में लगभग आठ से दस बार ही देखने को मिलता है। अगली बार यह संयोग 2032 में बनेगा। इस दौरान कश्मीर विश्वविद्यालय के उपकुलपति ने मुख्यमंत्री को बताया कि कश्मीर विवि में एस्ट्रोफिजिक्स का केंद्र स्थापित करना जरूरी है। इससे स्थानीय छात्रों में खोज और वैज्ञानिक सोच की भावना को विकसित करने में मदद मिलेगी।
इस पर शिक्षामंत्री ने अंडर गे्रजुएट स्तर पर एस्ट्रोफिजिक्स का विषय भी शुरू करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्राओं को दूरबीन भी भेंट की। इस मौके पर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स के निदेशक प्रो. श्री कुमार, सचिव एएसआइ प्रो. डी बैनजी, उपायुक्त श्रीनगर फारूक अहमद लोन और शिक्षा निदेशक डा शाह फैसल भी मौजूद रहे।
यह भी पढेंः स्कर्ट पहनने पर मुस्लिम लड़की को स्कूल ने लौटाया
यह भी पढ़ेंः बंगाल में चुनाव ड्यूटी पर तैनात एसएसबी जवान ने दी जान