पूर्वी तट पर होगा मेगा सुनामी अभ्यास, कई प्रशांत द्वीप देश भी होंगे शामिल
गृह मंत्रालय के बयान के मुताबिक, अंडमान निकोबार द्वीप समूह के समीप भूकंप के शक्तिशाली झटकों के बाद पैदा हुई सुनामी लहरों के कारण हुए विनाश का दृश्य तैयार किया जाएगा।
नई दिल्ली, प्रेट्र : चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 31 तटीय जिलों में शुक्रवार को मेगा सुनामी अभ्यास किया जाएगा। इस अभ्यास में कई प्रशांत द्वीप देश भी शामिल हो रहे हैं। यह जानकारी गुरुवार को गृह मंत्रालय ने दी।
गृह मंत्रालय के बयान के मुताबिक, अंडमान निकोबार द्वीप समूह के समीप भूकंप के शक्तिशाली झटकों के बाद पैदा हुई सुनामी लहरों के कारण हुए विनाश का दृश्य तैयार किया जाएगा। अभ्यास में सुनामी लहरें पूर्वी तट की ओर बढ़ेंगी। सुनामी लहरों से देश के पूर्वी तट पर तबाही मची थी।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकार और भारतीय राष्ट्रीय महासागरीय सूचना सेवा केंद्र के माध्यम से गृह मंत्रालय सुनामी की तैयारी पर यह मेगा अभ्यास करने जा रहा है।
11 प्रशांत द्वीप देश इस अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं। ये देश पूरे अभ्यास को देखेंगे और आपदा की स्थिति में बेहतर उपाय करना सीखेंगे। पांच नवंबर को दूसरे विश्व सुनामी जागरूकता दिवस में तय की गई विभिन्न गतिविधियों में यह अभ्यास भी शामिल था।